ग्रेटर नोएडा: गलगोटिया के B.Tech छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, मरने से पहले एक युवती को किया था मैसेज

ग्रेटर नोएडा के हॉस्टल में एक छात्र का शव फंदे से लटका मिला. मृतक गलगोटिया यूनिवर्सिटी में B.Tech का छात्र था. युवक पढ़ाई में मेहनती बताया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को प्रेम प्रसंग का संदेह है, क्योंकि उसने आत्महत्या से पहले एक युवती को संदेश भेजा था. पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है.

गलगोटिया के B.Tech छात्र ने फांसी लगाकर दी जान Image Credit:

ग्रेटर नोएडा की बीटा 2 कोतवाली क्षेत्र स्थित एडब्ल्यू एचओ सोसायटी के भगत सिंह हॉस्टल में मंगलवार को एक बीटेक के छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला. शव की सूचना होस्टल में अन्य छात्रों को मिलते ही सनसनी फैल गई जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है जो की मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी जिले के जाटू थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था. प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है. साथ ही प्रेम प्रसंग का संदेह है.

घटना से पहले एक युवती को भेजा था मैसेज

जानकारी के मुताबिक, गौरव के साथ हॉस्टल में तीन अन्य दोस्त भी रहते थे. वह सभी छुट्टी पर गए हुए थे फिलहाल वह अकेला हॉस्टल में ही रुका हुआ था. बताया जा रहा है कि मृतक छात्र पढ़ाई में काफी मेहनती था लेकिन आत्महत्या किन कारणों से की है बाकी के छात्र इस बात से अचंभे में पड़े हुए हैं. वहीं, शुरूआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.

बीटा 2 कोतवाली प्रभारी के अनुसार, घटना से पहले युवक ने एक युवती को फोन पर संदेश भेजा था. हालांकि यह संदेश क्या था पुलिस इसकी फिलहाल जांच कर रही है. मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है. पुलिस सभी पहलू की जांच कर रही है और कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं. घटना के बाद छात्रा के परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई.

पढ़ाई को लेकर काफी चिंतित था- दोस्तों ने बताया

मृतक छात्र के परिजन पुलिस की सूचना पर ग्रेटर नोएडा आए और शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव ले गए हैं. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई भी लिखित शिकायत नहीं दी गई है. परिजनों ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया था हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो पाएगी.

पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है. मृतक के दोस्तों से पूछताछ की गई है. इसमें पुलिस को पता चला है कि गौरव पढ़ाई को लेकर काफी चिंतित था और मेहनती भी था. लेकिन गौरव के आत्महत्या जैसे कदम से साथी छात्र भी शौक हो गए हैं कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया? फिलहाल पुलिस हर पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.