बेटी की जिद पूरी करने को बना बच्चा चोर, पुलिस ने भेजा जेल; वहीं हो गई मौत… मचा हड़कंप

इटावा जेल में बच्चा चोरी के आरोप में बंद अशोक कुमार (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दादरी निवासी अशोक ने बेटी की जिद पूरी करने के लिए एक बच्चा खरीदा था, जो ट्रेन से चुराया गया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था. सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हुई, जिससे पूरे मामले में हड़कंप मच गया है.

इटावा जेल में बंद कैदी की मौत Image Credit:

उत्तर प्रदेश में इटावा की जेल में बंद एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई.इस युवक की पहचान गौतमबुद्ध नगर में दादरी के रहने वाले अशोक कुमार (42) के रूप में हुई है. मंगलवार को अचानक उसके सीने में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने लगी. आनन फानन में जेल में ही प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गइ. इस युवक को कुछ समय पहले बच्चा चोरी के आरोप में पुलिस ने अरेस्ट किया था.

बच्चा चोरी की यह घटना भी काफी चौंकाने वाली है. पुलिस की जांच में पता चला था कि अशोक की एक बेटी है. वह अक्सर अपने पिता के सामने एक भाई लाने की जिद करती थी. बेटी की इसी जिद को पूरा करने के लिए उसने एक दलाल से बच्चा तो खरीद लिया, लेकिन पीछे पीछे पुलिस भी पहुंच गई. दरअसल यह बच्चा ट्रेन में से चुराया गया था. ऐसे में पुलिस ने अशोक को बच्चा चोरी के आरोप में अरेस्ट कर जेल भेज दिया था.

ये है बच्चा चोरी की घटना

जानकारी के मुताबिक पिछले महीने दिल्ली-हावड़ा रूट पर नंदनकानन एक्सप्रेस में एक बच्चा चोरी हुआ था. अलीगढ़ में रहने वाली मुन्नी अंसारी अपने 10 महीने के बेटे इब्राहिम के साथ इस ट्रेन में सवार होकर झारखंड के कोडरमा जा रही थीं. रास्ते में बदमाशों ने उन्हें नशीला लड्डू खिलाया और उनके बेहोश होते ही बच्चा चोरी कर लिया था. मुन्नी की शिकायत पर जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया और सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी की पहान करते हुए बच्चा चोर को अरेस्ट किया था.

ऐसे पकड़ा गया अशोक

पुलिस ने बच्चा चोर को पकड़ा तो पता चला कि उसने साढ़े तीन लाख रुपये में चुराया गया बच्चा एक दंपति को बेच दिया है. इसके बाद पुलिस बच्चा चोर की निशानदेही पर अशोक तक पहुंची और अवैध रूप से बच्चा खरीदने के आरोप में उसे भी अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने अशोक के पास से बच्चे को बरामद किया और उसके असली मां-बाप को सौंप दिया. अब जेल में बंद अशोक की अचानक तबियत बिगड़ने और उसकी मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है.