घर में घुसकर दबंग कर रहे थे मारपीट, 5 साल की बच्ची ने लगा दी थाने तक दौड़; और बचा ली मां की जान
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक 5 साल की बच्ची ने अपनी मां को दबंगों के हमले से बचाया. संपत्ति विवाद को लेकर मां पर हमला हुआ था. ऐसे में बच्ची ने बहादुरी दिखाते हुए सीधे कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी मां को बचाया और हमलावरों को गिरफ्तार किया है. बच्ची की इस दिलेरी और समझदारी की खूब सराहना हो रही है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक पांच साल की बहादुरी की चर्चा खूब हो रही है. इस बच्ची के घर पर दबंगों ने हमला किया था. दबंग उसकी मां के साथ मारपीट कर रहे थे. इस दौरान इस बच्ची ने अचानक दौड़ लगाई और सीधे कोतवाली पहुंच कर पुलिस से मां को बचाने की गुहार की. पुलिस भी बच्ची की बात सुनकर दौड़ पड़ी और समय रहते पहुंच कर हमलावरों को धर दबोचा है. वहीं इस मारपीट में घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है.
बच्ची की इस होशियारी और दिलेरी से उसकी मां की जान बच गई. इससे बचाने आए पुलिस कर्मियों ने भी उसके साहस की सराहना की. मामला हरदोई जिले में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के नुमाइश पूर्वा का है. पुलिस के मुताबिक यहां इस बच्ची की मां के साथ गांव के दबंगों का जमीनी विवाद चल रहा था. इसी विवाद में दबंगों ने महिला के घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी. इस वारदात के वक्त घर में वह महिला और पांच साल की बच्ची मौजूद थे.
मां पिछते देख बच्ची ने दिखाई होशियारी
दबंगों ने घर में घुसते ही इस बच्ची की मां के साथ मारपीट शुरू कर दी. यहां तक कि उसके ऊपर एक कुत्ता भी छोड़ दिया था. यह सबकुछ देखकर भी मासूम बच्ची अपनी मां को बचा नहीं पा रही थी. इसी दौरान उसके दिमाग में आइडिया आया और वह दौड़कर थाने पहुंची और थोड़ी ही देर में पुलिस के साथ लौटी. इस समय तक आरोपी घर में तोड़फोड़ कर रहे थे. ऐसे में पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से अरेस्ट कर लिया है. थाना प्रभारी संजय त्यागी के मुताबिक इस बच्ची की बहादुरी से उसकी मां को बचाया जा सका है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम के मुताबिक घटना थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित मोहल्ले में हुई है. बच्ची की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसकी मां को बचाया है. सभी आरोपियों को अरेस्ट कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उधर, बच्ची की मां ने बताया कि उसके दिवंगत पति अभिषेक श्रीवास्तव के मामा विनोद श्रीवास्तव के साथ उसका प्रॉपर्टी का विवाद चल रहा था. रविवार को मौका देखकर विनोद श्रीवास्तव ने अपने साथियों के साथ उसके घर पर हमला कर दिया. आरोपियों ने उनकी गर्दन पर चाकू रखकर पिटाई की थी.
