बच्चा चोर बोलकर 2 साधुओं के साथ बर्बरता, वायरल हुआ वीडियो; अब तक 4 अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बच्चा चोर बताकर दो साधुओं से बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई. भीड़ ने लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला किया, जिसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

जौनपुर में बच्चा चोर बताकर साधुओं को पीटा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां करीब आधा दर्जन लोगों ने दो साधुओं के साथ बुरी तरह मारपीट की. आरोपी दोनों साधुओं को बच्चा चोर बताकर इस वारदात को अंजाम दे रहे थे. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने बीच बचाव की कोशिश नहीं की. बल्कि लोग इस वारदात का वीडियो बनाते रहे. इन्हीं में से किसी ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया. यह वीडियो वायरल होने के बाद जौनपुर पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार दोपहर शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मछलीशहर पड़ाव स्थित हैवेल्स शोरूम के पास की है. वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दो साधुओं को लोगों ने लाठी डंडे और बेल्ट और लात घूंसे मार रहे हैं. दोनों साधु हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगा रहे, लेकिन वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति को तरस नहीं आया. आरोपियों में भी कानून का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा था. आरोपी इस प्रकार डंडे मार रहे थे, जैसे कोई बहुत बहादुरी का काम कर रहे हों.

वायरल वीडियो पर एक्शन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मार पिटाई का यह दौर काफी देर तक चलता रहा. इस दौरान दोनों साधु बेसुध होकर जमीन पर गिर गए. इसके बाद आरोपी उन्हें खुद वहीं छोड़कर चलते बने. संयोग से इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो पुलिस को टैगकर सोशल मीडिया में डाल दिया. यह वीडियो देखकर मौके पर पहुंची पुलिस ने साधुओं को अस्पताल पहुंचाया और उनके बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो के आधार पर पहचान करते हुए 4 लोगों को अरेस्ट किया गया है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर के एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के मुताबिक वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. इस मामले में अब तक 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. उन्होंने बताया कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है. एसपी सिटी के मुताबिक किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

Follow Us