37.77 लाख देकर महिला ने बुक किए थे तीन फ्लैट, 11 साल बाद भी नहीं मिला पजेशन… अब हुई FIR

लखनऊ में फ्लैट दिलाने के नाम पर महिला से ठगी करने का मामला सामने आया है. करीब 11 साल पहले उसके नाम पर 3 फ्लैट बुक कराने की बात की गई थी. इसके लिए उससे 37.77 लाख रुपये लिए गए. लेकिन आज तक उसे कोई फ्लैट नहीं मिल पाया है. अब पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.

गोमती नगर थाने में हुई FIR Image Credit:

लखनऊ में एक महिला से फ्लैट के नाम पर ठगी का खुलासा हुआ है. महिला ने आरोप लगाया कि उसने 3 फ्लैट्स बुक कराने के लिए 37.77 लाख रुपये दिए थे. उससे ये रकम 11 साल पहले ली गई थी, लेकिन आज तक न तो फ्लैट मिला और न ही पैसे वापस किए गए. अब पीड़िता ने इसे लेकर गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है.

पीड़िता ने बताई पूरी कहानी

कानपुर की रहने वाली कीर्ति कुरील ने बताया कि उन्होंने 2014 में लखनऊ की रियल एस्टेट कंपनी ‘पोलार्स इन्फ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के 2 प्रोजेक्ट्स में अपने लिए 3 फ्लैट बुक किए थे. ये बुकिंग उसके जानने वाले ऋषि चतुर्वेदी के जरिए कराई गई थी. बुकिंग के समय उसने खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताया था. इसके साथ ही निवेश के जरिए बेहतर रिटर्न और समय पर कब्जा दिलाने को लेकर भरोसा भी दिया था.

पीड़िता के मुताबिक उसने T-1 और राजेश टावर प्रोजेक्ट में फ्लैट के लिए किस्तों में पैसे जमा किए. उसका कहना है कि एनईएफटी और नकदी के जरिए उसने कुल 37 लाख 77 हजार रुपये का भुगतान किया. इसके बाद उसे फ्लैट नंबर भी एलॉट कर दिए गए, लेकिन अब तक कब्जा नहीं मिल पाया है.

बार- बार टाल रहे कंपनी वाले

कीर्ति ने बताया कि पजेशन को लेकर जब भी उसने कंपनी से बात करने की कोशिश की, कंपनी वाले उसे बार-बार टालते रहे. उसका आरोप है कि कभी बताया गया कि साइट पर काम चल रहा है, तो कभी रजिस्ट्री के नाम पर बहाने बनाए गए. लंबे इंतजार के बाद जब कोई हल नहीं निकला तो उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया.

दर्ज हुई FIR

मामले में कार्रवाई करते हुए गोमतीनगर थाने में ऋषि चतुर्वेदी, दिनेश मणिराम, नरेश तिवारी, सुधीर कुमार और राकेश बाजपेई के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं. इसके साथ ही पुलिस मामले का पता लगाने के लिए आर्थिक अपराध शाखा की मदद लेने की भी बात कह रही है.

Follow Us