नमाज पढ़कर लौट रहे टायर व्यापारी की सरेराह हत्या, ‘अरमान डिफाल्टर 444’ ने ली जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नमाज़ पढ़कर लौट रहे टायर व्यापारी अनीस पाशा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 'अरमान डिफाल्टर 444' नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से मोहम्मद अरमान ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए एक वीडियो जारी किया है. आरोपी ने पुरानी चुनावी रंजिश और अपमान का बदला लेने का दावा किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मुरादाबाद में टायर कारोबारी की हत्या Image Credit:

​उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नकाबपोशों ने एक टायर कारोबारी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के वक्त टायर कारोबारी जुमे की नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे. वारदात के बाद की जिम्मेदारी इंस्टाग्राम पर ‘अरमान डिफाल्टर 444’ एकाउंट पर किसी मोहम्मद अरमान ने जिम्मेदारी ली है. मामला मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र का है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू कर दी है. मृत टायर कारोबारी की पहचान अनीस पाशा के रूप में हुई है.

अनीस पाशा पर हमला करने वाले आरोपी अरमान ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट (इंस्टाग्राम) पर एक वीडियो अपलोड किया है. इसमें हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए आरोपी कह रहा है कि उसने अपमान का बदला ले लिया है. इस वीडियो में आरोपी मोहम्मद अरमान ने खुलेआम हथियार लहराते नजर आ रहा है. बताया है कि पुरानी चुनावी रंजिश और अपमान का बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया है. कह रहा है कि चुनाव के दौरान अनीस ने उसके ऊपर चोरी का झूठा आरोप लगाकर कमरे में बंद किया था. उसके साथ मारपीट की और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी.

बदले के लिए ले ली जान

​कुंदरकी इलाके में हुई इस हत्याकांड के बाद जिले में हड़कंप मच गया. रही सही कसर आरोपी के वीडियो ने सोशल मीडिया पर वायरल होकर पूरी कर दी. इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए हरकत में आई पुलिस ने आरोपी की पहचान और धरपकड़ के लिए अलग अलग टीमों का गठन कर दिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने वीडियो में दावा किया है कि यह वारदात आपसी खुन्नस और आत्मसम्मान की लड़ाई का नतीजा है. उसने आरोप लगाया कि ‘ताजमहल’ के चुनावों के दौरान अनीस पाशा ने न केवल उसे बुरी तरह पीटा था, बल्कि उस पर चोरी का कलंक भी लगाया था.

मेरे साथियों को परेशान ना करे पुलिस

आरोपी अरमान ने अपने वीडियो में दावा किया है कि उसने अनीस की तीन-चार गोलियां मारकर हत्या की है. इस वारदात में ना तो उसके साथियों का कोई हाथ है और ना ही उसका परिवार ही शामिल है. उसने पुलिस से आग्रह करते हुए कहा कि उन्हें परेशान ना किया जाए. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने खुद मौका मुआयना किया. इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.