नोएडा में कार सवारों की शर्मनाक करतूत, महिलाओं से की अश्लील हरकतें; दो गिरफ्तार, गाड़ी भी जब्त
नोएडा के पृथला पुल पर कार सवार युवकों ने महिलाओं से अश्लील हरकतें की और उनका एक किलोमीटर तक पीछा किया. यह शर्मनाक घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद सामने आई. पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार सवार दो युवक को गिरफ्तार किया है.
नोएडा में महिलाओं के साथ युवकों द्वारा अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है. नोएडा सेक्टर 71 के पास पर्थला पुल पर कार सवार युवकों ने दूसरे गाड़ी से जा रही महिलाओं को अश्लील हरकतें और गंदे इशारे किए. साथ ही उनका एक किलोमीटर तक पीछा किया. यह पूरा मामला शनिवार शाम का है, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल है.
वीडियो वायरल पर फेज 3 थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वीडियो की जांच शुरू कर दी. पुलिस टीम ने गाड़ी को ट्रेस कर लिया और वीडियो में दिख रहे दो आरोपियों, अमित कुमार और अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही पुलिस ने उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
महिलाओं को फ्लाइंग किस और गंदे इशारे किए
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी युवक महिलाओं पर अश्लील इशारे करता है और काफी देर तक उनका पीछा करते नजर आ रहा है. वायरल वीडियो में लाल रंग की कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा युवक पास से गुजर रही एक कार में बैठी महिलाओं को फ्लाइंग किस और गंदे इशारे कर रहा था. घटना के बाद महिलाएं काफी डर गई थी.
दोनों आरोपी JVS सोसायटी सेक्टर 135 में रहते हैं
थाना प्रभारी फेस 3 ने बताया की गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार, मूल रुप से आजमगढ़ का रहने वाला है. जबकि दूसरा आरोपी अभिषेक कस्बा कुशमाहा थाना किसली जिला मैनपुरी का है. दोनों आरोपी वर्तमान में जेवीएस सोसायटी सेक्टर 135 में रहते हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.