आओ ना, खुश कर दूंगा… GF को बुलाकर घोंटा गला, फिर शव के टुकड़े कर लगाई आग; क्यों हैवान बना पत्रकार?

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में एक पत्रकार ने अपनी गर्लफ्रेंड की निर्मम हत्या कर दी. आरोपी सूरज वर्मा ने ब्लैकमेल से तंग आकर गर्लफ्रेंड आंचल मिश्रा को बहाने से जंगल बुलाया, गला घोंटा, फिर पहचान मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर पेट्रोल डालकर जला दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपना गुनाह कबूल लिया है.

श्रावस्ती में पत्रकार ने की गर्लफ्रेंड की हत्या Image Credit:

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पत्रकार ने अपनी गर्लफ्रेंड को बहाने से बुलाकर उसका गला घोंट दिया. फिर शव के कई टुकड़े किए और पेट्रोल छिड़ककर इन टुकड़ों को आग के हवाले कर दिया. वारदात बीते 17 फरवरी की शाम का है. हालांकि पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पूरी कहानी बयां की है.

पुलिस के मुताबिक श्रावस्ती में बांसगढ़ी की रहने वाली यह महिला 17 फरवरी से लापता थी. घर वालों ने खूब तलाश करने के बाद 19 फरवरी को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने महिला के अपहरण का आरोप लगाते हुए एक पत्रकार का नाम बताया था. आशंका जताई थी कि पत्रकार ने ही अगवा किया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पत्रकार सूरज वर्मा को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हो गया.

हैरान कर देगा खुलासा

एक प्रतिष्ठित अखबार में काम करने वाले सूरज वर्मा ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसे आंचल मिश्रा पत्नी संतोष मिश्रा से प्यार था. लेकिन आंचल उसे प्रेम के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही थी. बीते कुछ दिनों में ही आंचल ने उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए थे. ऐसे हालात में उसने आंचल से पीछा छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन वह पीछे हटने को तैयार नहीं थी. ऐसे में उसने आंचल को बहाने से श्रावस्ती के ककरदारी जंगल में बुलाया और गला घोंटकर हत्या कर दी.

पहचान मिटाने के लिए किए टुकड़े

आरोपी पत्रकार ने बताया कि वारदात के बाद उसने महिला की पहचान मिटाने मिलने के लिये उसने शव के कई टुकड़े किए और फिर पेट्रोल डालकर इन टुकड़ों को आग के हवाले कर दिया. उधर, पुलिस से जब आंचल का मोबाइल खंगाला तो उसमें भी कई चौंकाने वाले राज मिले हैं. इसके बाद पुलिस ने आरोपी से वारदात की निशानेदही कराते हुए मौके से महिला के कपड़े, जूते और कंकाल बरामद किए हैं. CO सतीश कुमार शर्मा के मुताबिक आरोपी ने वारदात कबूल लिया है. पुलिस अब चार्जशीट बनाने में जुटी है.