हर घर नल-जल का दावा, लेकिन इनके ही MLA ने मंत्री को अगवा कर लिया; लोकसभा में जमकर बोले अखिलेश

अखिलेश यादव ने लोकसभा में बजट को दिशाहीन बताया, आर्थिक व सामाजिक असमानता पर सवाल उठाए. उन्होंने 'हर घर नल-जल' योजना की विफलता, वाराणसी में विरासत के विध्वंस, 'बुलडोजर डेमोक्रेसी' और निवेश के दावों की पोल खोली. अयोध्या एयरपोर्ट व बुलेट ट्रेन सहित कई घोटालों का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों को असफल बताया.

लोकसभा में बोलते सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव Image Credit:

लोकसभा में बजट सत्र के दौरान सपा सुप्रीमो और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव जमकर बोले. उन्होंने केंद्र सरकार की एक-एक योजनाओं का उल्लेख करते हुए इस बजट को दिशाहीन बताया. कहा कि इस बजट में ना कहीं आर्थिक बराबरी नजर आ रही है और ना ही कहीं समाजिक बराबरी ही दिख रही. उन्होंने बनारस की दालमंडी में हो रहे तोड़फोड़ को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की. कहा कि काशी को क्योटो तो आप बना नहीं पाए, तो वहां की विरासत मिटाने चले हैं.

यह विरासत इसलिए मिटाई जा रही है कि आपको वहां वोट नहीं मिलता. उन्होंने सदन में सवाल करते हुए पूछा कि डेमोक्रेशी में बुलडोजर का भी कोई स्थान है क्या? खुद कोर्ट भी इनसे पूछ चुका है कि आप कैसे किसी का घर मकान तोड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि आपका विकास कैसा है, यह पूरे देश को पता चल गया है. आपकी ड्रीम योजना है हर घर जल और नल, लेकिन आपके ही विधायक ने इसी बात पर आपके मंत्री का अपहरण कर लिया.

इंवेस्टमेंट का झांसा देने का आरोप

अखिलेश यादव ने सदन में बजट पर बोलते हुए विदेश नीति और उद्योग नीति पर सवाल उठाया. कहा कि आखिर क्यों नए विदेशी इंवेस्टर यहां नहीं आ रहे. जो पुराने हैं, वो भी अपना कारोबार समेटने लगे हैं. आप कहते हैं कि इंवेस्टमेंट लाएंगे. फिर लाखों खर्च कर समारोह करते हैं. प्रधानमंत्री की मौजूदगी में लाखों करोड़ के एमओयू साइन होते हैं, लेकिन सरकार को बताना चाहिए कि इसमें से कितने एमओयू को जमीन पर उतारा गया.

मेट्रो से क्यों नहीं जुड़ा प्रधानमंत्री का क्षेत्र?

बजट पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने सरकार से खूब सवाल पूछा. उन्होंने पूछा कि आप हजारों किलोमीटर मेट्रो बिछाने का दावा करते है, लेकिन इतने बड़े राज्य यूपी में आपने कितना मेट्रो का विसतार किया? आखिर प्रधानमंत्री के अपने संसदीय क्षेत्र में मेट्रो क्यों नहीं बिछाया? बनारस को एक्सप्रेसवे से क्यों नहीं जोड़ा? क्यों कि आपके पास बजट ही नहीं है. उन्होंने कहा कि अयोध्या में 72 साल के बुजुर्ग को आपने 19 महीने जेल में रखा. इसलिए कि आप चुनाव जीत जाएं, लेकिन वहां की जनता समझदार निकली.

घोटालों की गिनाई लंबी फेहरिस्त

अखिलेश यादव ने अपने भाषण में घोटालों की लंबी फेहरिस्त गिना दी. कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट बनते ही पानी टपकने लगा, कन्नौज का स्टेशन बनते ही गिर गया और अब तक नहीं बन पाया. देश का कोई ऐसा शहर नहीं, जहां कूड़े का ढेर ना हो. इसके अलावा भजन संध्या स्थल घोटाला, बुलेट ट्रेन घोटाला भी है. उन्होंने कहा कि पहले कहा कि एक लाख करोड में बुलेट ट्रेन बना रहे हैं, लेकिन अब बजट दो लाख करोड़ का दे दिया. उन्होंने कहा कि आपकी विदेश नीति तो असफल हुई ही, बाजार को भी बेच दिया.

जिन्होंने गोली चलवाई, वो राम मंदिर बनवा रहे हैं

अखिलेश यादव ने बजट को दिशाहीन बताते हुए कहा कि जिस तरह से बेरोजगारी बढ़ी है, मेक इन इंडिया का सपना, शेर जंग खा रहा है. जिन्होंने गोली चलवाई वो राम मंदिर बनवा रहे हैं. किसान आत्महत्या कर रहे हैं. 2022 तक दोगुनी आय का दावा किया था, लेकिन चाहे आलू हो या धान की फसल, आय दो गुनी हुई क्या? उन्होंने कहा कि यूपी का पहला काऊ मिल्क प्लांट हमने लगवाया, आपने आते ही बंद कर दिया. शायद ऊंट मिल्क का चॉकलेट बनाते तो यह प्लांट आज भी चलता रहता.