आगरा में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, ताजमहल की दीवार तक पहुंचा पानी

यूपी के आगरा में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. यहां यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. बाढ़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ताजमहल की दीवारों तक चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है.

ताजमहल तक पहुंचा पानी

गोकुल बैराज से करीब एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद आगरा में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. यहां यमुना नदी एक बार फिर उफान पर है. नतीजा यह है कि इसके जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है. यमुना इस समय खतरे के निशान के 2 फीट ऊपर बह रही है.

जिसके चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं. आकड़े की बात करें तो प्रशासन के मुताबिक यमुना के लिए 495 फीट को खतरे का निशान माना गया है. लेकिन मौजूदा समय में ये 497 फीट तक पहुँच गई है.

उफान पर यमुना

पानी में समा गए कई घाट

लगातार बढ़ते जलस्तर का प्रभाव यहां के कई घाटों पर देखा जा सकता है. कैलाश घाट, बल्केश्वर घाट, हाथी घाट और दहशरा घाट की सीढ़ियाँ पूरी तरह से पानी में डूब गई हैं. इसके अलावा, शमशान घाट के 8 स्थल भी पूरी तरह से पानी में समा गए हैं. यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुँच गया है. जिसके चलते प्रशासन काफी चिंतित है.

प्रशासन के हैं ये इंतजाम

बाढ़ के संभावित खतरों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है. लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

प्रशासन इस स्थिति से निपटने लिए कई स्तर पर राहत कार्यों को कर रहा है. इसके लिए एक कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित किया जा रहा है. बाढ़ को लेकर किसी भी आपात स्थिति में 0562-2260550, 9458095419 पर संपर्क करने को कहा गया है.