RLD चीफ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी, PA को आया फोन
केंद्रीय मंत्री और RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है. उनके PA को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से इस्माइल नामक व्यक्ति ने फोन और वॉट्सऐप पर धमकी दी. दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद RLD नेताओं ने जयंत चौधरी के लिए Z श्रेणी सुरक्षा की मांग की है.
राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है. यह धमकी पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद निवासी किसी इस्माइल नामक व्यक्ति ने दी है. 18 मार्च को आई इस धमकी के बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. इसके बाद से दिल्ली में तुगलक रोड थानापुलिस के साथ ही पश्चिम बंगाल पुलिस एक्शन में आ गई है. मामला 18 मार्च का है. पुलिस के मुताबिक मंत्री के PA विश्वेन्द्र शाह को आरोपी ने पहले फोन किया. फिर उसने वाट्सऐप पर धमकी दी है.
पुलिस के मुताबिक मोबाइल नंबर से कॉलर की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के ‘इस्माइल’ के रूप में बताई गई. हालांकि पुलिस इस कॉलर को वास्तविक पहचान में जुटी है. साथ ही धमकी देने की वजह की भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मंत्री के पीए को फोन कर कहा था कि उसके पास केंद्रीय मंत्री के आधिकारिक दौरे की योजना की एक कॉपी है. उसने मंत्री के पीए को कुछ और संवेदनशील इनपुट दिए हैं. ऐसे में मंत्री के पीए ने तत्काल पुलिस में सूचना देते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है.
एनडीए के साथ हैं जयंत चौधरी
लोकसभा चुनावों से पहले केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधान मंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा की थी. इसके बाद जयंत चौधरी ने एनडीए के साथ हाथ मिला लिया था और केंद्र सरकार में मंत्री बन गए थे. इससे पहले वह समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थे. अपने दादा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने की खुशी जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर भी प्रकट की थी. सपा के साथ गठबंधन में उनकी पार्टी आरएलडी में साल 217 का विधानसभा चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में पार्टी ने 33 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. यह अलग बात है कि केवल 8 सीटों पर ही विजय मिली थी.
यूपी सरकार में सहयोगी है आरएलडी
इस समय उत्तर प्रदेश सरकार में आरएलडी सहयोगी है और इस पार्टी के विधायक अनिल कुमार उत्तर प्रदेश की सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री हैं. अब जयंत चौधरी को धमकी मिलने पर आरएलडी नेता और छपरौली विधायक अजय कुमार ने नाराजगी जताई है. उन्होंने जयंत चौधरी के लिए ज़ेड श्रेणी सुरक्षा की मांग की है. बागपत कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह महज धमकी नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल है. उन्होंने बताया कि धमकी देने वाले से जब दोबारा संपर्क किया गया तो उसने कहा कि यह ऊपर से भेजा गया है.
कई दिनों से हो रही रेकी
विधायक ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति मंत्री के आवास के पिछले गेट की रेकी करता देखा गया है. कुछ दिन पहले भी रात में एक संदिग्ध कार लंबे समय तक मंत्री की कोठी के पास खड़ी पायी गई थी. उन्होंने बताया कि इस कार में सवार लोग कोठी की निगरानी कर रहे थे. विधायक अजय कुमार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री के लिए जेड श्रेणी सुरक्षा की मांग की है.