अब बलिया में गिरा सरयू नदी पर निर्माणाधीन पुल, ढांचे के नीचे दबकर 2 मजदूरों की मौत; मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बलिया में घाघरा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल अचानक ढह गया. इस भीषण हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं. इनमें एक मजदूर की हालत नाजुक है. प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बलिया में गिरा सरयू नदी पर निर्माणाधीन पुल Image Credit:

उत्तर प्रदेश बलिया में घाघरा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का ढांचा बुधवार को गिर गया. इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कई अन्य मजदूर घायल हो गए. घटना उभांव थाना क्षेत्र में तुर्तीपार पुल का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह हादसा बुधवार की दोपहर का है. उस समय मधुबनी गांव के पास इस निर्माणाधीन पुल का काम चल रहा था. मजदूर पुल के लिए पिलर निर्माण के लिए सरिया बांधते समय अचानक लोहे का ढांचा भरभराकर गिर पड़ा. इससे तीन मजदूर ढांचे के नीचे आ गए. आनन फानन में अन्य मजदूरों ने ढांचे के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन इतने समय में दो मजदूरों की मौत हो चुकी थी. जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल था. वहीं कुछ अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई थीं.

लखीमपुर के रहने वाले थे दोनों मजदूर

पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद तीनों मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो मजदूरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इन मजदूरों की पहचान 30 वर्षीय पप्पू व 30 वर्षीय अमित के रूप में हुई है. यह दोनों मजदूर मूल रूप से लखीमपुर जिले के धरहरा थाना के खैरा पुरवा गांव के रहने वाले थे. पुलिस ने दोनों मजदूरों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस हादसे में घायल मजदूर की पहचान पीलीभीत जिले के दुबिया निवासी 27 वर्षीय जुगल कुमार के रूप में हुई है.

सामने आई सेफ्टी चूक

हादसे की वजह निर्माण कार्य में लापरवाही व सुरक्षा मानकों की अनदेखी के रूप में सामने आई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी. जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. इस संबंध में एएसपी (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us