RSO का नियुक्ति पत्र लेने क्यों नहीं पहुंचे क्रिकेटर रिंकू सिंह? वीडियो जारी कर खुद दिया जवाब
क्रिकेटर रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने RSO नियुक्त किया है, लेकिन वह नियुक्ति पत्र लेने समारोह में नहीं पहुंचे थे. अब उन्होंने वीडियो जारी कर बताया है कि IPL 2026 की तैयारियों में व्यस्त होने की वजह से वह नहीं पहुंचे. अपने वीडियो में उन्होंने सीएम योगी का आभार जताया और कहा कि वह जल्द ही सीएम से मिलने जाएंगे. इसी बीच उन्हें KKR की उपकप्तानी भी मिली है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने क्रिकेटर रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर नियुक्त किया है. उन्हें नियुक्ति पत्र देने के लिए सरकार ने एक समारोह का आयोजन किया था, लेकिन रिंकू सिंह इस कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे. इस बात को लेकर वह सोशल मीडिया में काफी ट्रोल भी हुए थे. हालांकि अब क्रिकेटर रिंकू सिंह ने एक वीडियो जारी कर इस कार्यक्रम में नहीं आ पाने के लिए खेद प्रकट किया है. उन्होंने सीएम योगी का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम में नहीं आने की वजह बताई है.
उन्होंने अपने वीडियो में बताया कि इन दिनों वह आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटे हैं. इसी व्यस्तता की वजह से वह कार्यक्रम में नहीं जा सके. उन्होंने रीजनल स्पोर्ट्स अफसर बनाए जाने पर सीएम योगी का आभार प्रकट किया. कहा कि वह जल्द ही सीएम योगी से आकर मिलेंगे. बताया जा रहा है कि आईपीएल के बाद सीएम योगी से मिलकर रिंकू सिंह अपना नियुक्ति पत्र देंगे.
कोलकाता नाइट राइडर्स में मिली उपकप्तानी
एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें आरएसओ नियुक्त किया है, वहीं दूसरी ओर मंगलवार को ही उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स की उप-कप्तानी मिली है. विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए मशहूर रिंकू सिंह केकेआर के अहम खिलाड़ी हैं. वह 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं. उधर, सीएम योगी ने भी रिंकू सिंह की तारीफ की है.
सरकारी सेवा में खिलाड़ियों को प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि देश में उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य है, जिसने अपने खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में प्राथमिकता दी है. उन्होंने कहा कि अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न पदों पर 500 से अधिक खिलाड़ियों की तैनाती की गई है. इसी क्रम में रिंकू सिंह को सरकारी सेवा में नियुक्त किया गया है. उन्हें क्षेत्रीय खेल अधिकारी के पद के लिए नियुक्ति पत्र दिया जाएगा. इस पद पर उन्हें वेतन के रूप में 70,000 से 80,000 रुपये के बीच मिलेगा.