प्यार-वीडियो और ब्लैकमेलिंग… GF से समीकरण नहीं बैठा सके मैथ टीचर, 4 पन्नों का सुसाइड नोट लिख दे दी जान

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक गणित शिक्षक ने प्रेमिका और उसके भाइयों द्वारा ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली. शिक्षक ने सुसाइड नोट में गर्लफ्रेंड पर प्यार-वीडियो और पैसों के लिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें गर्लफ्रेंड और उसके भाई शामिल हैं.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक मैथ टीचर ने संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगाकर जान दे दी है. पुलिस ने शव के पास से ही एक चार पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है. इसमें टीचर ने अपनी मौत के लिए अपनी गर्लफ्रेंड और उसके भाइयों को जिम्मेदार बताया है. हाल ही में इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के पद पर चयनित इस टीचर ने आरोप लगाया है कि उसकी गर्लफ्रेंड अपने भाइयों के साथ मिलकर ब्लैकमेल कर रही थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में धौरेरा माफी गांव का है. पुलिस ने सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच पड़ताल तेज कर दी है. इस संबंध में टीचर की गर्लफ्रेंड और उसके भाइयों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. इसी क्रम में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर रातों रात पोस्टमार्टम कराया और आज सुबह अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है. वहीं, फोरेंसिक टीम ने टीचर का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है.

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में सुअरज गांव के रहने वाले 26 वर्षीय वशिष्ठ मुनि की हाल ही में इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के तौर पर नियुक्ति हुई थी. इसके बाद उन्हें बरेली के नवाबगंज स्थित बरौर के राजकीय इंटर कॉलेज में गणित के प्रवक्ता के पद पर तैनाती मिली. वह इज्जतनगर के धौरेरा माफी में किराए का घर लेकर रहते थे. शुक्रवार की शाम उनके पिता ने उन्हें फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने मकान मालिक को जानकारी दी. फिर कमरे में देखा गया तो वशिष्ठ मुनि का शव फंदे पर लटका मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

सुसाइड नोट में सामने आई कहानी

पुलिस ने मौके से एक चार पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है. पता चला है कि वशिष्ठ मुनि का गोड़ा में रहने वाली एक लड़की के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इन दोनों का प्रेम प्रसंग स्कूल टाइम से चला आ रहा था. इसी बीच वशिष्ठ मुनि की सरकारी नौकरी लग गई. इसके बाद लड़की ने वशिष्ठ मुनि से उगाही शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से वह लड़की अपने भाइयों के साथ मिलकर वशिष्ठ मुनि पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी थी. इससे परेशान होकर वशिष्ठ ने फांसी लगा ली.

Follow Us