16 दिन पहले शादी, अब नदी में मिला दुल्हन का शव; दहेज के लिए हैवान बने ससुराली
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. 16 दिन पहले शादी हुई एक नवविवाहिता का शव नदी से बरामद हुआ है. परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां बिशारतगंज थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव नदी से मिला है. इसकी शादी महज 16 दिन पहले हुई थी. वहीं अब नदी में शव मिलने की खबर से इस दुल्हन के घर में कोहराम मच गया है. दुल्हन के पिता ने दामाद और उसके घर वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 21 वर्षीय श्रीदेवी के रूप में हुई है. वह बिशारतगंज थाना क्षेत्र के रघुवीपुरा गांव की रहने वाली थी. परिजनों के मुताबिक, श्रीदेवी की शादी 26 जून को बदायूं जिले के एक युवक के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद ही वह मायके लौट आई थी. परिवार का कहना है कि बेटी ससुराल में खुश नहीं थी और उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. इसी वजह से वह दोबारा ससुराल जाने से भी मना कर रही थी.
9 जुलाई को हुई थी लापता
परिजनों ने बताया कि 9 जुलाई को श्रीदेवी अचानक घर से बिना कुछ बताए निकल गई. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी जानकारी की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उसे गांव के पास नदी की तरफ जाते देखा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से नदी और आसपास के इलाके में लगातार तलाश कराई, जहां से उसका शव बरामद हुआ है.
जांच में जुटी पुलिस
मृतका के पिता नेत्रपाल का आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार परेशान किया जाता था. उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. वहीं बिशारतगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा. फिलहाल परिजनों की तहरीर, घटनास्थल से मिले तथ्यों और जांच में सामने आने वाले सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है.