पति ने काटी पत्नी की नाक, गुस्से में सास ने दामाद की बहन से ले लिया बदला; दोनों पक्षों ने कराई FIR
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पति-पत्नी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मायके जाने की जिद पर पति ने पत्नी की नाक दांतों से काट ली. घटना से गुस्साए पत्नी के मायके वालों ने पति की बहन पर हमला कर उसकी भी नाक काट दी. दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां पढ़ुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा कस्बे में शनिवार को एक पति ने अपनी पत्नी की नाक काट ली. इसकी जानकारी होने पर पहुंची पत्नी की मां ने ननद पर अटैक किया और उसकी नाक काट ली. इस घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरूआत पत्नी के मायके जाने की जिद से हुई. इस बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया. इस दौरान पति ने पत्नी की पिटाई की और दांतों से उसकी नाक काट ली. इस घटना के बाद पत्नी ने अपने मायके वालों को फोन कर दिया. फिर वहां पहुंचे मायके वालों ने जमकर हंगामा किया. बीच बचाव करने पति की बहन आगे आई तो पीड़ित महिला की मां ने उसकी नाक काट ली.
क्या है पूरा मामला?
पढ़ुआ कोतवाल मोहित पुण्डीर के मुताबिक ढखेरवा कस्बे में रहने वाले श्रवण कुमार कश्यप और उसकी पत्नी-प्रीती कश्यप के बीच झगड़ा हुआ था. प्रीति अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके जाना चाहती थी, जबकि श्रवण उसे जाने से रोक रहा था. इसी बात को लेकर दोनों विवाद हुआ और मारपीट हुई. इसी दौरान श्रवण ने उसकी नाक को दांतों से काटकर जख्मी कर दिया.
मायके वालों ने किया हमला
सूचना मिलते ही प्रीती के पिता बनवारी और माता श्रीदेवी अन्य परिजनों के साथ वहां पहुंच गए. यहां दोनों पक्षों में हो रही मारपीट के दौरान श्रवण की बहन मोनी कश्यप आगे आ गई. ऐसे में प्रीति की मां ने उसकी नाक दांतों से काट ली. आनन फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया. घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने पुलिस में तहरीर दी है. इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.