पत्नी पर डायन का साया! घर वालों के सामने तांत्रिक ने पीटा, पास में खड़ा पति बनाता रहा वीडियो

उत्तर प्रदेश के बरेली में अंधविश्वास का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ससुराल वालों ने पत्नी पर भूत-प्रेत का साया बताकर उसे तांत्रिक के हवाले कर दिया. तांत्रिक ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और पति वहीं खड़े होकर घटना का वीडियो बनाता रहा. इस घटना के बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली के सीबीगंज क्षेत्र से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक महिला पर भूत-प्रेत का साया बताकर उसके ससुराल वालों ने उसे तांत्रिक के हवाले कर दिया. आरोप है कि वहां तांत्रिक ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की. इतना ही नहीं, महिला का पति वहीं पास में ही खड़ा होकर इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाता रहा. बाद में घर लौटने पर महिला ने वीडियो दिखाने की बात कही तो पति और सास समेत अन्य लोगों ने फिर उसके साथ मारपीट की. पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र के घुरा राघपुर गांव का है. पुलिस के मुताबिक रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र में गांव कूप के रहने वाले नत्थू लाल ने अपनी बेटी पूजा की शादी करीब चार साल पहले बरेली के घुरा राघपुर गांव के रहने वाले नरेंद्र के साथ की थी. शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन बाद में पूजा को ससुराल में परेशान किया जाने लगा. पिता का आरोप है कि पूजा के पति नरेंद्र, सास त्रिवेदी, देवर नरेश और ननद रेखा अक्सर उसके साथ गलत व्यवहार करते थे.

इलाज के बहाने तांत्रिक को सौंपा

पीड़िता के पिता का आरोप है कि पूजा को यह कहकर घर से ले जाया गया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और इलाज कराया जाएगा. इसके बाद परिवार के लोग उसे गीता नाम की एक महिला तांत्रिक के पास ले गए. वहां पहुंचने के बाद तांत्रिक ने पूजा को देखकर कहा कि उस पर हवा और भूत-प्रेत का असर है. इसके बाद उसने झाड़-फूंक शुरू कर दी. आरोप है कि झाड़-फूंक के नाम पर महिला तांत्रिक ने पूजा के साथ बेहद बुरा व्यवहार किया. उसे थप्पड़ और डंडों से पीटा. यही नहीं, उसके हाथ पर दांतों से काट भी लिया. पूजा दर्द से चीखती रही लेकिन वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की.

पति ने बनाया वीडियो

पीड़ित पिता ने बताया कि जब उनकी बेटी के साथ यह बर्बरता हो रही थी, उस समय पूजा का पति नरेंद्र वहीं पर खड़ा होकर घटना का मोबाइल से वीडियो बनाता रहा. बाद में सभी घर लौटे. इसके बाद उनकी बेटी ने पति को वीडियो दिखाने को कहा तो उसके साथ फिर मारपीट की गई. इसके बाद उनकी बेटी ने फोन कर मायके में घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और सीबीगंज थाने में तहरीर दी गई है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर तांत्रिक गीता, पति नरेंद्र, सास त्रिवेदी, देवर नरेश और ननद रेखा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है.

Follow Us