मन बहलाने के लिए किया प्यार, शादी का बात पर भागा फैसल, बिजनौर में मुंबई की नर्स के मर्डर की कहानी
प्यार में पड़ी मुंबई की एक नर्स सना की बिजनौर में निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. बिजनौर के रहने वाले फैसल ने प्यार का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया था, लेकिन शादी के दबाव पर वहां से भाग निकला. पीछा करते सना बिजनौर पहुंची तो आरोपी फैसल ने जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी. फिर शव को गन्ने के खेत में दफन कर फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर के जंगलों में मुंबई की एक क्लीनिक में काम करने वाली नर्स का बॉडी मिली है. यह लड़की अपने प्रेमी का पीछा करते हुए मुंबई से बिजनौर आई थी. यहां उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी बॉयफ्रेंड ने बहाने से बाइक पर बैठाया और बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र में फतेहपुर सभाचंद के जंगलों में ले जाकर गला घोंट दिया. इसके बाद शव को गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लड़की की पहचान करते हुए आरोपी को भी दबोच लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक मृत लड़की की पहचान मुंबई की रहने वाली सना उर्फ समीर के रूप में हुई है. वह मुंबई में एक अस्पताल में नर्स का काम करती थी. कुछ दिन पहले मुंबई में ही बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र में सैफपुर गांव का रहने वाला फैसल भी रहता था और हेयर एंड मसाज स्पा पार्लर में काम करता था. इसी दौरान आरोपी ने सना को प्यार के जाल में फंसाकर यौन शोषण किया. फैसल के प्यार में सना ने अपने पति से तलाक तक ले लिया था.
शादी की बात पर भाग निकला फैसल
आरोप है कि सना ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो फैसल पीछे हटने लगा और बकरीद के बहाने मुंबई से भागकर अपने गांव आ गया. यहां आने के बाद जब उसने फैसल से बात करनी बंद कर दी तो सना भी 29 मई को बिजनौर पहुंच गई. इसके बाद फैसल उसे अपनी बाइक पर बैठाकर फतेहपुर सभाचंद के जंगलों में ले गया, जहां उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. फिर शव को गन्ने के खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया. इसके बाद वह मुंबई वापस लौट गया.
ऐसे हुआ खुलासा
सना के अचानक गायब होने और उसका मोबाइल फोन बंद होने पर मुंबई में उसके परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी. इसमें पाया गया कि सना के फोन की आखिरी लोकेशन बिजनौर में थी. इसके बाद परिजनों के साथ मुंबई पुलिस बिजनौर आई. यहां शक के आधार पर फैसल को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने थोड़ी ही सख्ती की तो आरोपी ने पूरी वारदात ना केवल कबूल कर ली, बल्कि पुलिस को मौके पर ले जाकर शव भी बरामद करा दिया.