फतेहपुर: साली को लेकर भाग रहे जीजा ने कार से लोगों को कुचला, 3 की मौत; पूरे इलाके में सनसनी
फतेहपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक जीजा ने अपनी नाबालिग साली को भगाकर ले जा रहा था, लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की. लेकिन सिरफिरे ने अपनी कार से तीन लोगों को कार से कुचलकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं घटना के बाद से इलाके में तनाव है.
फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र से रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक जीजा ने अपनी चचेरी साली को लेकर भागने के दौरान कार से कुचलकर तीन लोगों की हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहा इलाके की है. आरोपी का नाम दीपक सोनी है, उसने एक सप्ताह पहले अपनी नाबालिग चचेरी साली (15 वर्ष) को भगा ले गया था. इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था. मामले को सुलझाने के लिए स्थानीय चौकी में पंचायत बुलाई गई थी. यह घटना पंचायत के बाद साली संग भागते समय हुई.
रोकने की कोशिश पर कुचल डाला, 3 की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, चौकी में पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे. हालांकि, काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई समझौता नहीं हो सका. पंचायत समाप्त होने के बाद दीपक साली को कार में बैठाकर वहां से निकलने लगा. इसी दौरान लड़की के परिजनों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका और उनपर कार चढ़ा दी.
बताया जा रहा है कि दीपक साली को लेकर कार से भाग रहा था, इसपर परिजन और ग्रामीण उसका पीछा करने लगे और कोरवां के पास कार को रोकने का प्रयास किया. जब लोगों ने कार को घेरने की कोशिश की तो आरोपी अचानक तेज रफ्तार में गाड़ी आगे बढ़ा दी और सामने खड़े लोगों पर चढ़ा दी. इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी गिरफ्तार, पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल
मृतकों की पहचान अन्नू सोनकर (35), अवध बिहारी सोनी (23) और सत्यवान सैनी (50) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया. पुलिस प्रशासन को स्थिति नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक सोनी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पूरे इलाके में घटना को लेकर सनसनी फैल गई है.