मेरठ नहीं, अमरोहा से हरिद्वार तक होगा गंगा एक्सप्रेस-वे का विस्तार; फाइनल हुआ नया अलाइनमेंट

गंगा एक्सप्रेसवे के भविष्य में हरिद्वार तक विस्तार में बड़ा बदलाव हुआ है. अब यह एक्सप्रेसवे मेरठ के बजाय अमरोहा से बिजनौर होते हुए हरिद्वार जाएगा. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकारों की सहमति से नया अलाइनमेंट फाइनल हो गया है, जिससे 140 किमी का यह विस्तार बिजनौर को भी एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ेगा. इसके लिए नया रूट गंगा के दाहिनी ओर से फाइनल किया गया है.

गंगा एक्सप्रेसवे Image Credit:

गंगा एक्सप्रेसवे की योजना में एक बड़ा बदलाव हुआ है. यह बदलाव मेरठ से प्रयागराज तक निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार में किया गया है. अभी तक इस एक्सप्रेसवे का विस्तार मेरठ से हरिद्वार तक किया जाना था, लेकिन अब मेरठ के बजाय यह विस्तार अमरोहा से बिजनौर के रास्ते किया जाएगा. इस बदलाव को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारों की आपसी सहमति से नया अलाइनमेंट फाइनल कर लिया गया है.

अभी तक मेरठ से प्रयागराज तक कुल 594 किमी के खंड पर गंगा एक्सप्रेसवे निर्माणाधीन है. बताया जा रहा है कि इसका काम लगभग पूरा भी हो चुका है, लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा बाकी है. इसी बीच इस एक्सप्रेसवे के विस्तार को लेकर भी नए सिरे से अलाइनमेंट फाइनल किया गया है. उत्तर प्रदेश की प्रमुख ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में से एक इस एक्सप्रेसवे का विस्तार दोरफा होना है. पूर्व निर्धारित योजना के मुताबिक एक तरफ इसका विस्तार हरिद्वार तक तो दूसरी तरफ बलिया तक करना था.

140 किमी लंबा होगा विस्तार

दावा किया जा रहा था कि हरिद्वार तक इस एक्सप्रेसवे का विस्तार मेरठ के आगे किया जाएगा, हालांकि इस योजना पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारों के बीच सहमति नहीं बनी. ऐसे में मेरठ के बजाय अमरोहा से बिजनौर होते हुए नए रूट पर विचार किया गया और इस दौरान इसी रूट को फाइनल कर दिया गया है. यह विस्तार करीब 140 किमी. लंबा होगा और अमरोहा से हरिद्वार कनेक्ट हो जाएगा. इससे उत्तर प्रदेश का बिजनौर भी एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा.
दिशा भी बदली

यूपीडा ने दिया प्रजेंटेशन

नए अलाइनमेंट में एक्सप्रेसवे की दिशा भी बदल गई है. अब तक यह एक्सप्रेसवे हरिद्वार में गंगा के बाई तरफ से निकालने का प्लान था, लेकिन नए अलाइनमेंट में गंगा के दाहिनी तरह से इस एक्सप्रेसवे को निकालने का प्रावधान किया गया है. इस संबंध में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डवलपमेंट अथारिटी यानी यूपीडा ने सचिवालय में प्रस्तुतिकरण दिया है. लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडेय के मुताबिक नए अलाइनमेंट में हरिद्वार के साथ गंगा एक्सप्रेसवे से बिजनौर-अमरोहा भी कनेक्ट हो जाएंगे.