बीड़ी से दागे होठ, चाबी से दिए गहरे जख्म; मौसा ने ढाई साल के मासूम संग की ऐसी हैवानियत

हापुड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ढाई साल के मासूम बच्चे के साथ उसके रिश्ते के मौसा ने अमानवीयता की हदें पार कर दीं. आरोपी ने बच्चे के होंठ बीड़ी से दागे, पीठ और पेट पर चाबी से गहरे घाव किए, और दांतों से भी काटा. कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर ले जाकर बच्चे को डेढ़ घंटे तक प्रताड़ित किया गया. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां एक रिश्ते के मौसा ने ढाई साल के मासूम संग हैवानियत की है. आरोपी ने बीड़ी से बच्चे के होठ दाग दिए. चाबी से उसकी पीठ पर कई गहरे जख्म दिए. यही नहीं, दांतों से भी बच्चे को कई जगह नोच डाला है. मामला हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में कोटला सादात का है. पीड़ित पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे का मेडिकल कराने के बाद आरोपी मौसा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

पीड़िता पिता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह मूलरूप से बुलंदशहर में स्याना स्थित माकड़ी गांव के रहने वाले हैं. वह यहां अपनी पत्नी फैमिदा और तीन बच्चों के साथ कोटला सादात में किराये का घर लेकर रहते हैं. यहां वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट भरते हैं. पीड़ित पिता के मुताबिक उसका साढू नदीम भी यहां मजीदपुरा में किराये का घर लेकर रहता है और ई-रिक्शा चलाता है.

लालच देकर साथ ले गया आरोपी

पीड़ित पिता के मुताबिक रोज की तरह वह रविवार को भी पत्नी के साथ मजदूरी करने गए थे. इसी दौरान साढू नदीम दोपहर के वक्त उसके घर पहुंचा और बच्चे को कोल्ड ड्रिंक दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया, जहां उसने बच्चे के साथ इस तरह की हैवानियत को अंजाम दिया है. आरोपी ने बीड़ी से बच्चे के होठ दाग दिए. चेहरे पर कई जगह दांत से काट खाया. फिर बच्चे की पीठ और पेट पर ई-रिक्शा की चाबी से दस से अधिक गहरे घाव बना दिए.

डेढ़ घंटे तक हैवानियत

पीड़ित पिता के मुताबिक आरोपी ने बच्चे के साथ करीब डेढ़ घंटे तक हैवानियत करता रहा. इस दौरान बच्चा दर्द के मारे खूब चीखता चिल्लता रहा, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी. इस वारदात के बाद आरोपी नदीम बच्चे को मोहल्ले के बाहर ही छोड़ कर कहीं फरार हो गया. आरोपी के चंगुल से छूटकर घर पहुंचे बच्चे की हालत देखकर उसे तत्काल अस्पताल ले जा जाया गया. जहां उपचार के बाद पुलिस को सूचना दी गई है.

Follow Us