जेठानी के झगड़े में बीच-बचाव करने आई थी बहू, गुस्से जेठ ने मार दी गोली; 24 घंटे में पुलिस ने किया एनकाउंटर

हरदोई में पारिवारिक विवाद के चलते बहू को गोली मारकर हत्या करने वाले जेठ राजकुमार को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एनकाउंटर में दबोच लिया है. आरोपी ने पुलिस पर भी फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं.

जेठानी को बचाने आई बहू को जेठ ने मारी गोली Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हरदोई में बहू को गोली मारकर फरार जेठ का पुलिस ने एनकाउंटर किया है. पुलिस ने आरोपी के बाएं पैर में गोली मारकर दबोच लिया है. आरोपी के पास से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. इसी तमंचे से आरोपी ने बहू को गोली मारी थी और पुलिस ने घेरा तो पुलिस के ऊपर भी फायरिंग की. पुलिस ने फिलहाल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.

मामला हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र में प्रतापपुर मजरा टिकारी गांव का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले आरोपी राजकुमार का अपनी पत्नी के साथ कुछ विवाद चल रहा था. इसी विवाद में उसके छोटे भाई की पत्नी मंजू बीच बचाव करने पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर दिया था. फिर 13 मार्च की शाम मंजू घर में खाना बनाने लगी. इसी दौरान आरोपी राजकुमार हाथ में तमंचा लहराते हुए आया और मंजू के साथ गाली गलौज करते हुए उसके ऊपर फायर कर दिया.

पीठ में लगी थी गोली

पुलिस के मुताबिक इस घटना में राजकुमार के तमंचे से निकली गोली मंजू की पीठ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन फानन में उसे सीएचसी कछौना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल से जारी मेमो देखकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वहीं परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की.

देर रात हुआ एनकाउंटर

पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगी थीं. इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी सुठेहना फाटक के रास्ते लखनऊ भागने की फिराक में है. इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए आरोपी को दबोच लिया है. उन्होंने बताया कि आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Follow Us