12वीं फेल जालौन की छात्रा ने लगाई फांसी, बस्ती में रिज़ल्ट से दो घंटे पहले 10वीं की छात्रा ने दी जान

यूपी बोर्ड रिजल्ट के बाद दुखद घटनाएं सामने आईं हैं. जालौन में 12वीं में फेल होने के बाद एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली, जबकि बस्ती में 10वीं की छात्रा ने रिजल्ट के डर से जान दे दी, जबकि वह पास हो गई थी. यह घटनाएं परीक्षा परिणाम के दबाव और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को उजागर करती हैं.

रिजल्ट के दबाव में छात्राओं ने किया सुसाइड Image Credit:

यूपी बोर्ड के रिजल्ट के साथ ही प्रदेश भर में खुशी का माहौल है. खासतौर पर हाईस्कूल या इंटरमीडिएट की परीक्षा में पास होने वाले छात्र अपनी भविष्य की योजना बनाने में जुट गए है. इसी बीच रिजल्ट का साइड इफेक्ट भी सामने आने लगा है. उत्तर प्रदेश के जालौन में जहां 12वीं की परीक्षा में फेल हुई छात्रा ने फांसी लगा लिया, वहीं बस्ती में 10वीं की एक छात्रा ने फेल होने की दहशत में रिजल्ट से दो घंटे पहले ही सुसाइड कर लिया.

पहला मामला जालौन के रेंढर थाना क्षेत्र के सुलखना गांव का है. इस गांव में रहने वाली छात्रा राधा पुत्री राजबहादुर छिरिया स्थित गंभीर सिंह इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी. गुरुवार को जब यूपी बोर्ड का रिजल्ट आया तो पता चला कि वह फेल हो गई है. इससे उसे गहरा सदमा लगा और थोड़ी ही देर बाद उसने सुसाइड कर लिया. घटना के वक्त उसकी मां गांव में ही किसी काम से गई थी, जबकि पिता गेहूं की फसल लेकर मंडी गए थे.

घर में मचा कोहराम

कुछ देर बाद राधा की मां घर लौटी तो अंदर घुसते ही उसने बेटी को फंदे से लटके हुए देखा. यह दृष्य देखते ही उसकी चीख निकल गई. इसे सुनकर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और फिर घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. घटना के बाद से छात्रा के घर में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों के मुताबिक रिजल्ट आने के बाद से ही उनकी बेटी सदमे में थी.

फेल होने की दहशत में दी जान

उधर, उत्तर प्रदेश के ही बस्ती में एक 10वीं की छात्रा ने सुसाइड कर लिया. यह घटना बस्ती के लालगंज बाजार का है. यहां रहने वाली छात्रा ज्योति का भी रिजल्ट गुरुवार को आया था. इस रिजल्ट को लेकर वह दोपहर से ही परेशान थी. इसी बीच उसने शाम करीब 3 बजे सुसाइड कर लिया. परिजनों के मुताबिक उसे फेल होने का डर था, लेकिन उसका रिजल्ट बढ़िया आया है. वह 63 फीसदी अंकों से पास हुई है. पुलिस ने ज्योति का भी शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Follow Us