मुंह में दुपट्टा ठूंसा, हथौड़े से ली जान, फिर शव जलाया… अवैध संबंध में युवक की निर्मम हत्या, प्रेमिका समेत 4 गिरफ्तार

जालौन पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है. अवैध संबंधों के चलते युवक की बेरहमी से हत्या कर शव जलाया गया था. प्रेमिका ने उसे फोन कर बुलाया था, फिर पति और अन्य आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

अवैध संबंध में युवक की बेरहमी से हत्या Image Credit:

जालौन की कैलिया थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है. कुछ ही दिनों पहले एक अज्ञात युवक का अधजला शव बरामद हुआ था. शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो रहा था. अब सामने आया है कि युवक की हत्या अवैध संबंध को लेकर की गई थी. पुलिस ने मामले में प्रेमिका, उसके पति समेत 4 को गिरफ्तार किया.

पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने रविवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 24 मार्च की रात कैलिया थाना क्षेत्र के ब्योना रोड पर एक अज्ञात युवक का जला शव मिला था. पुलिस ने शक में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसने बताया कि उसकी पत्नी और मृतक के बीच प्रेम प्रसंग था. इसी का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया.

सलैया खुर्द जाने वाले मार्ग से आरोपियों को पकड़ा

पुलिस जांच के दौरान शव की शिनाख्त 24 वर्षीय अमित नरवरिया, निवासी ग्राम उमरी का पुरा थाना रेंढर के रूप में हुई. इसके बाद 26 मार्च को मृतक के पिता गिरजाशंकर ने थाना कैलिया में तहरीर देकर हत्या और पहचान छिपाने के प्रयास का आरोप लगाया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए सीओ के नेतृत्व में सर्विलांस और एसओजी टीमों का गठन किया.

कैलिया थाना, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों कुलदीप दोहरे, अमित दोहरे, शीतला और मिथलेशी की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर जगनपुरा रोड से सलैया खुर्द जाने वाले मार्ग के पास से पकड़ा गया, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हुआ.

पत्नी ने फोन पर बुलाया, फिर ऐसे उतारा मौत के घाट

पूछताछ में मुख्य आरोपी कुलदीप दोहरे ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया. उसने बताया कि योजना के तहत 24 मार्च की शाम उसकी पत्नी शीतला ने अमित को फोन कर घर बुलाया. जैसे ही वह घर पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे कुलदीप, अमित दोहरे और अन्य आरोपियों ने उसे दबोच लिया. फिर चारों ने मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी.

वारदात को अंजाम देते हुए अमित दोहरे ने मृतक के मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया, ताकि वह शोर न मचा सके. इसके बाद कुलदीप और अमित दोहरे ने डंडे और हथौड़े से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को बेडशीट और कंबल में लपेटा, फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर आग के हवाले कर दिया.

अपराध में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा- एसपी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और डंडा, दो बाइक, दो हेलमेट, मृतक का आधार कार्ड, रक्तरंजित कपड़े और चादर बरामद किए हैं. एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराधों में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा.

Follow Us