‘उनके बिना क्या जीना…’ घर से निकला फातिहा पढ़ने, फिर पत्नी-बेटे के कब्र के बीच मिला शव

महोबा में एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति की रहस्यमयी मौत हुई है. अपनी पत्नी और बेटे की 12 दिन पहले हुई मौत के बाद, बीमारी से जूझ रहे यह शख्स कब्रिस्तान पहुंचे और वहीं उनकी कब्रों के बीच उनका शव मिला. इस घटना के बाद परिवार सदमे में है, पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना चरखारी कस्बे में हुई, जिसने पास-पड़ोस में हड़कंप मचा दिया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के महोबा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां चरखारी कस्बे में एक कैंसर पीड़ित, जो खुद से खड़ा होने में भी असमर्थ था, वह अपने बिस्तर से उठा, धीरे धीरे कब्रिस्तान पहुंचा और फिर कुछ देर बाद उसका शव पत्नी और बेटे के कब्र के बीच में मिला. इस व्यक्ति के पत्नी-बेटे की मौत 12 दिन पहले हो गई थी. यह खबर मिलते ही पास पड़ोस में हड़कंप मच गया. मामला कानपुर के हरपालपुर का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक मृतक सुभान अहमद मूल रूप से मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के हरपालपुर के रहने वाले थे. फिलहाल महोबा के चरखारी में अपने परिवार के साथ रहते थे. उनकी कैंसर की बीमारी अंतिम स्टेज में थी, इसलिए चलना दूर, खड़ा होने में भी उन्हें दिक्कत थी. पत्नी रजिया ही उनकी सेवा करती थी. परिजनों के मुताबिक परिवार में पत्नी रजिया के अलावा उनका हसनैन, सैफ, बेटी रोशनी व आलिया हैं. 25 मई को बेटे हसनैन को अचानक उल्टी-दस्त शुरू हुई और थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई. यह देखकर सदमे में रजिया की भी मौत हो गई.

चरखारी कब्रिस्तान में हुए दफन

परिवार के लोगों ने मां-बेटे को चरखारी कस्बा स्थित कब्रिस्तान में दफन करा दिया. इसके बाद सुभान दिन प्रतिदिन टूटते चले गए. उनका कहना था कि जब पत्नी बेटे ही नहीं रहे तो वह जीकर क्या करेंगे. शुक्रवार की सुबह वह चुपचाप घर से निकले. इतने में किसी ने पूछा तो कहा कि वह फातिहा पढ़ने जा रहे हैं. सुभान को खुद अपने पैरों पर खड़े होकर परिवार वालों ने चलते देखा तो वह हैरान तो हुए, लेकिन उन्हें लगा कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे. मृतक के साले सलीम के मुताबिक थोड़ी देर बाद उन्हें सूचना मिली कि सुभान का शव कब्रिस्तान में पड़ा है.

कब्रों के बीच में मिला शव

काफी देर बाद भी सुभान वापस नहीं लौटे तो परिवार वालों ने तलाश शुरू की. ढूंढते हुए कब्रिस्तान पहुंचे, वहां सुभाव का शव कब्रों के बीच पड़ा मिला. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया. इस दौरान सुभान के पैर में किसी कीड़े के काटने का निशान तो मिला, लेकिन अभी साफ नहीं हो सका है कि मौत की वजह क्या है. बाद में परिजनों ने शव कब्जे में लेकर पत्नी रजिया के शव के पास ही उनका भी दफन कर दिया. दोनों पति-पत्नी की मौत के बाद अब इनके बच्चों की जिम्मेदारी ननिहाल पक्ष पर आ गई है.

Follow Us