‘अब मेरा कोई नहीं है…’ मोबाइल कंपनी कर्मचारी अनुज का नीम के पेड़ से लटका मिला शव, आखिरी VIDEO वायरल
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 22 D स्थित एक सोसायटी में किराए पर रहने वाले एक युवक का शव सेक्टर 22 D में करीब 120 मीटर रोड के पास एक नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला था. अब उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वह कहता नजर आ रहा है. इस दुनिया में उसका कोई नहीं है.
ग्रेटर नोएडा में एक मोबाइल कंपनी के कर्मचारियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है. युवक का शव सेक्टर 22 D क्षेत्र में नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि युवक ने मौत से पहले एक वीडियो बनाया था जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मृतक की पहचान इटावा जिले के बनकटी गांव निवासी 24 वर्षीय अनुज के रूप में हुई है.
अनुज ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 22 D स्थित एक सोसायटी में किराए पर रहता था. सेक्टर 24 स्थित एक मोबाइल निर्माता कंपनी में कर्मचारी था. सोमवार उसका शव सेक्टर 22 D में करीब 120 मीटर रोड के पास एक नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
मौत से पहले बनाया वीडियो कहा अब मेरा कोई नहीं
घटना के बाद अब मृतक का एक वीडियो सामने आया है. इससे पूरी घटना को नया मोड़ दे दिया. वायरल वीडियो में अनुज एक हाथ में फंदा पकड़े दिखाई दे रहा है. जबकि दूसरे हाथ में वह खुद वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है. वीडियो में वह काफी परेशान और भावुक नजर आ रहा है.
वह कहता सुनाई दे रहा है कि अब मेरा कोई नहीं है. मैं हंसते हुए दुनिया छोड़कर जा रहा हूं. हालांकि यह वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया. इसके पीछे की वजह क्या रही इसकी पुष्टि अभी नहीं हो चुकी है. पुलिस अब इस पूरे मामले में वीडियो की जांच कर रही है.
मोबाइल और अन्य सामान बरामद फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. युवक के मोबाइल फोन, बाइक बैग और अन्य निजी सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके की मौत से पहले युवक ने किस से बातचीत की थी और किन हालातो में उसने यह कदम उठाया.
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि युवक की मौत के मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है. वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच कराई जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट डिजिटल साक्ष्य और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ा रही है. युवक के परिजनों को भी इस घटना की जानकारी दी गई है.