1000 क्विंटल फूलों से सजा अयोध्या: PM मोदी का 1.5 किमी भव्य रोड शो, उसके बाद राम मंदिर पर ध्वजारोहण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर ध्वजारोहण से पहले 1.5 किलोमीटर का रोड शो करेंगे. इस दौरान रामपथ पर 5000 महिलाएं उनका स्वागत करेंगी. फिलहाल, ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए अयोध्या तकरीबन 1000 क्विंटल फूलों से सजा हुआ है.

राम मंदिर ध्वजारोहण Image Credit:

अयोध्या में आज यानी 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी ध्वजारोहण करेंगे. इस कार्यक्रम में तकरीबन 7 हजार मेहमानों को बुलाया गया. प्रधानमंत्री अयोध्या में एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर के जरिए 10 बजे तक साकेत महाविद्यालय पहुंचेगे. फिर यहां से वह श्रीराम जन्मभूमि तक 1.5 किलोमीटर का भव्य रोड शो करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के लिए रामपथ को 8 जोन में बांटा गया है. यहां तकरीबन 5000 महिलाएं पारंपरिक तरीके से थाली, आरती, फूल-माला लेकर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी. इस दौरान भारी संख्या में साधु-संत भी मौजूद रहेंगे. इसके बाद पीएम मोदी 10 बजे सप्तमंदिर का दर्शन करेंगे.

इन मंदिरों का दर्शन करेंगे पीएम मोदी

सप्तमंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महार्षि वशिष्ठ, महार्षि विश्वामित्र, महार्षि अगस्त्य, महार्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी के मंदिरों का दर्शन करेंगे. फिर वे शेषावतार मंदिर का दौरा करेंगे. फिर 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी माता अन्नपूर्णा मंदिर जाएंगे. फिर वे राम दरबार गर्भगृह में दर्शन और पूजा करेंगे.

राम लला गर्भगृह में दर्शन करने के बाद 12 बजे के आसपास पीएम मोदी राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर केसरिया धर्म ध्वज को फहराएंगे. इसके अलावा यहां आए 7000 से अधिक मेहमानों को संबोधित करेंगे. भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए अयोध्या शहर को 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है.

मेहमानों के लिए सुविधाएं

अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से होटल और होम स्टे में 1800 कमरें बुक किए गए हैं. मेहमानों के ठहरने के लिए 3000 लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी बनाई गई है. स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी 7 स्थानों पर अपना मेडिकल कैंप लगाया गया है. श्री राम हॉस्पिटल मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सभी मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द हैं.

7 हजार लोगों को न्योता

धर्मध्वजा के दंड पर 21Kg सोना मढ़ा गया है. PM मोदी मंदिर के 161 फीट ऊंचे शिखर पर पहली बार ध्वजा फहराएंगे. बता दें कि मंदिर के इस आयोजन में उद्योग, खेल, साहित्य और बालीवुड जगत के तकरीबन 1 हजार VVIP मेहमान हैं. इसके अलावा 100 दानदाताओं को भी बुलाया गया है, जिन्होंने राम मंदिर के निर्माण में अहम योगदान दिया है. पूर्वांचल से बड़ी संख्या से मेहमान बुलाए गए हैं. अकेले अयोध्या से ही 3 हजार लोगों को बुलाया गया है. कुल मिलाकर 7 हजार से ज्यादा लोगों को इस कार्यक्रम का न्योता गया है.

Follow Us