रेस्ट एरिया में 3 स्टार होटल, कलेक्टरगंज में इंटरचेंज; यात्रियों के स्वागत के लिए कितना तैयार गंगा एक्सप्रेसवे?

गंगा एक्सप्रेसवे का पहला चरण तैयार हो चुका है. 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई में इसका उद्घाटन करेंगे. यूपी का यह सबसे लंबा एक्सप्रेसवे पश्चिमी से पूर्वी यूपी की दूरियां कम करेगा. कृषि व उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार सृजन होगा. इस एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में यात्रियों के लिए 3-स्टार होटल, चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

गंगा एक्सप्रेसवे पर होटल Image Credit:

उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे पहले फेज में बनकर तैयार है. दो दिन बाद यानी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई के मल्लावा में इसका उद्घाटन करेंगे. दावा किया जा रहा है कि इस बहु प्रतीक्षित एक्सप्रेसवे के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश की दूरियां कम हो जाएंगी. मेरठ के लोग भी सुबह चलकर समय से हाईकोर्ट पहुंच सकेंगे और फिर मुकदमे देखकर बड़े आराम से समय रहते अपने घर पहुंच सकेंगे.

इसी प्रकार पूर्वांचल के खेतों में पैदा होने वाली सब्जियों की पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली की मंडियों में पहुंच आसान हो जाएगी. इससे महंगाई पर भी लगाम लगेगी. वहीं गंगा एक्सप्रेसवे के किनारों पर बनने वाले औद्योगिक हब से उत्तर प्रदेश के विकास को एक नई दिशा मिलेगी. खासतौर पर कृषि और फार्मा उद्योगों को को एक बड़ा बाजार मिलेगा और देश तथा दुनिया के उद्योगपति यहां निवेश करेंगे. इससे क्षेत्र में रोजगार भी मिलेगा.

एक्सप्रेसवे पर क्या हैं यात्री सुविधाएं?

इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले हर आदमी के दिमाग में यहां यात्री सुविधाओं को लेकर तरह तरह के सवाल भी उठ रहे हैं. बड़ा सवाल तो यही है कि यात्रियों के स्वागत के लिए यह एक्सप्रेसवे कितना तैयार है? आइए, इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश करते हैं. यूपीडा के अधिकारियों के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे पर जगह जगह मूलभूत यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. यहां रेस्ट एरिया में महानगरों जैसी होटल की सुविधा है. ये होटल 3 स्टार रेटिंग के हैं.

कलेक्टर गंज में बना इंटरचेंज

शाहजहांपुर की सीमा जलालाबाद थाना क्षेत्र के कलेक्टर गंज में इंटरचेंज दिया गया है. यहां पर रेस्ट एरिया भी बनाया गया है. यहां पर डीजल, पेट्रोल के साथ सीएनजी स्टेशन के अलावा इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन भी हैं. यहां बने ढाबा-रेस्टोरेंट और 3 स्टार होटल में लग्जरी सुविधाएं हैं. चूंकि उद्घाटन की तारीख करीब है, इसलिए इन सभी चीजों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी गई है.

Follow Us

Latest Stories