BJP नेता को झूठे हत्या केस में फंसाने की साजिश का ऑडियो वायरल, नाहिद हसन पर केस दर्ज
शामली में भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में दो युवक आपस में बातचीत करते हुए सुने जा सकते हैं. इसमें सुनियोजित तरीके से रोहित प्रधान नाम के हिंदूवादी नेता की हत्या कर उसका आरोप मनीष चौहान पर मढ़ने की योजना बनाई जा रही है. इसको लेकर अब इस मामले में मनीष चौहान की तरफ से थाना कांधला में तहरीर दी गई है.
शामली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बीजेपी नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान को हत्या के झुठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रचने का मामला सामने आया है. अब इस मामले में मनीष चौहान की तरफ से थाना कांधला में तहरीर दी गई है. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू कर दिया है.
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में दो युवक आपस में बातचीत करते हुए सुने जा सकते हैं. इसमें सुनियोजित तरीके से रोहित प्रधान नाम के हिंदूवादी नेता की हत्या कर उसका आरोप मनीष चौहान पर मढ़ने की योजना बनाई जा रही है.
‘ऑडियो मेंएक प्रधान की हत्या की बन रही योजना’
ऑडियो में कहा जा रहा है कि सहारनपुर के एक प्रधान रोहित की हत्या कर दी जाएगी. फिर मनीष चौहान के नाम से वीडियो बनाकर वायरल किया जाएगा. ये पूरा मामला सीधे उन्हीं पर डाल दिया जाएगा. बातचीत में यह भी कहा गया है कि “हम रोहित को मारकर वीडियो बनाएंगे और कहेंगे कि मनीष भाई आपका काम हो गया है, अब हमें पेश करा दो.”
राजनीतिक रूप से बदनाम करना चाहते हैं आरोपी- मनीष चौहान
पुलिस को दी गई तहरीर में मनीष चौहान का आरोप है कि इस पूरी साजिश का मकसद उन्हें कानूनी, सामाजिक और राजनीतिक रूप से बदनाम कर समाप्त करना था. मनीष चौहान की तरफ दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वायरल ऑडियो में साजिशकर्ता अज्ञात नाहिद हसन के समर्थन में बातचीत करते हुए सुने जा रहे हैं.
मनीष का कहना है कि ऑडियो में उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं. इतना ही नहीं, ऑडियो में मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए क्षेत्र में दोबारा सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने, हिंदू–मुस्लिम तनाव फैलाने और दंगा भड़काने जैसी खतरनाक योजनाओं की भी चर्चा की गई है.
‘राजनीतिक इशारे पर साजिश का जताया संदेह’
मनीष ने आगे कहा कि इस साजिश के पीछे किसी बड़े राजनीतिक इशारे और अवैध उगाही से जुड़ा नेटवर्क हो सकता है. मनीष चौहान ने शामली एसपी पुलिस को तहरीर के साथ फेसबुक लिंक, वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट समेत तमाम डिजिटल साक्ष्य सौंपे हैं.
ऑडियो की कराई जा रही तकनीकी जांच
मनीष चौहान ने अपनी तहरीर में नदीम पुत्र शब्बीर, निवासी ग्राम बरला और एक नाहिद हसन नाम के शख़्स ओर उसके साथियों को नामजद किया है. थाना कांधला में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से ऑडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है.
कौन है रोहित प्रधान?
जिस रोहित प्रधान की हत्या की बात वायरल ऑडियो में की जा रही है, वह सहारनपुर जनपद के गंगोह इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. रोहित प्रधान खुद को हिंदूवादी नेता बताते हैं और उनके कई विवादित बयान पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं. बताया जा रहा है कि रोहित प्रधान ने इकरा हसन को लेकर कई बार सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर विवादित बयान दिए थे.
इकरा हसन पर टिप्पणी मामले FIR हुआ था दर्ज
इकरा हसन, सपा से कैराना की सांसद हैं और वह सपा विधायक नाहिद हसन की छोटी बहन भी हैं. रोहित प्रधान के इन बयानों को लेकर पूर्व में उन पर मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की बेहद गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में जिस नाहिद हसन का नाम लिया जा रहा है, वह कौन है और उसका इस मामले से क्या संबंध है.
ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच कराई जा रही है
वायरल ऑडियो को लेकर जिले से लेकर आसपास के इलाकों तक चर्चाओं का बाजार भी गर्म है. एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है. थाना कांधला में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साइबर सेल की सहायता से ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.