‘तेरे तन पर पिता की वर्दी है बेटा, मान रखना…’ पासआउट परेड से निकली बेटी को देख फफक पड़ी मां

मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश पुलिस की पासिंग आउट परेड के दौरान वंशिका वालिया ने अपने दिवंगत पिता हेड कांस्टेबल बृजपाल सिंह की वर्दी पहनकर मां को भावुक कर दिया. कोरोना में पिता के निधन के बाद मृतक आश्रित कोटे से पुलिस में शामिल हुई वंशिका ने अपने टीचर बनने का सपना त्यागकर खाकी चुनी. मां ने बेटी को पिता की कर्तव्यनिष्ठा का मान रखने का आशीर्वाद दिया, यह पल हर किसी को प्रेरणा दे गया.

वंशिका वालिया Image Credit:

मुरादाबाद पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में उत्तर प्रदेश पुलिस की पासिंग आउट परेड के दौरान बुधवार को एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिले. पास आउट के बाद एक बेटी अपने दिवंगत पिता की वर्दी पहनकर अपनी मां के सामने आई तो उसकी मां फफककर रो पड़ी. रुंधे गले से कहा कि आज उसकी बेटी के रूप में उसके पति की कर्तव्यनिष्ठा वापस लौट आई है. 2021 में कोरोना महामारी के दौरान मेरठ में तैनात उसके हेड कांस्टेबल पति बृतपाल सिंह का निधन हो गया था.

उनके जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और भविष्य को लेकर एक गहरा संकट खड़ा हो गया था. ऐसे कठिन समय में मृतक आश्रित कोटे से बृतपाल सिंह की बेटी वंशिका को नौकरी मिली थी. सहारनपुर की रहने वाली वंशिका वालिया 12 महीने की कठिन ट्रेनिंग में शामिल हुई और बुधवार को ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह पासिंग आउट परेड का हिस्सा बनीं. उनके हौसले को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. वहीं मां ने अपनी जांबाज बेटी को गले लगाते हुए उसे इस खाकी का मान हमेशा बनाए रखने का आशीर्वाद दिया है.

छोड़ना पड़ा टीचर बनने का सपना

​सहारनपुर की मदनपुरी कॉलोनी में रहने वाली वंशिका पुलिस में नहीं जाना चाहती थीं. उसके पिता भी चाहते थे कि वह टीचर बनें. इसके लिए उसने बीएड की पढ़ाई भी पूरी कर ली थी. इसी बीच साल 2021 में पिता बृतपाल सिंह के कोरोना में आकस्मिक निधन हो गया. उस समय वंशिका महज 18 वर्ष की थीं, छोटा भाई आदविक सिर्फ तीन साल का और छोटी बहन अवनी 10 साल की थी. ऐसे में वंशिका पर जिम्मेदारी आई तो उसने अपना सपना छोड़ कर खाकी पहनने का फैसला कर लिया.

भावुक था वो पल जब…

​एक साल के कड़े प्रशिक्षण के बाद जब वंशिका सफलता पूर्वक पास आउट हुईं है, तो उन्होंने सबसे पहले अपनी मां मनीषा को गले लगाया. मां ने बेटी में पति की छवि देखी और उसे वर्दी का मान रखने को कहा. वहीं वंशिका ने मां को भरोसा दिया कि वह न तो कभी वर्दी का मान घटाएगी और ना ही मां का सिर झुकने देगी. इस दौरान वंशिका बार-बार अपनी मां की सारी जिम्मेदारियां उठाने का भी आश्वासन देती रही. यह देखकर वहां मौजूद तमाम लोग भावुक हो गए.

Follow Us