UP में बदला मौसम, बारिश बंद होने के साथ बढ़ी ठंड; जानें अगले एक हफ्ते का वेदर अपडेट
मोंथा तूफान का असर खत्म होने के साथ ही उत्तर प्रदेश में मौसम बदल गया है. बारिश रुकने से अब ठंड बढ़ने लग गई है, अब दिन में भी हल्की सर्दी महसूस हो रही है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ रहेगा, हालांकि आज पूर्वांचल में हल्की बारिश की संभावना है. ला-नीना के प्रभाव से इस पूरे महीने रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है.
मोंथा तूफान का असर खत्म हो गया है. इसी के साथ उत्तर प्रदेश में मौसम भी बदल गया है. प्रदेश में बारिश बंद होने के साथ ही ठंड भी बढ़ने लगी है. अभी तक केवल रात में ही ठंड का प्रभाव नजर आता था, लेकिन अब दिन में भी हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल गई है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन में ठंड का असर पूरे प्रदेश में पूर्ण रूप से देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक 1 और 2 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आसमान बिलकुल साफ होगा और मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि पूर्वी मोंथा तूफान जाते जाते आज यूपी के पूर्वांचल में कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश करा सकता है. जबकि 2 और 3 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ होगा. मौसम विभाग के मुताबिक 4 नवंबर को एक बार फिर पश्चिमी यूपी का मौसम बदल सकता है. उस दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछेक इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
बारिश का कोई अलर्ट नहीं
इसके बाद फिर से अगले दो दिन यानी 5 और 6 नवंबर को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. मौसम विभाग ने इस एक हफ्ते में ना तो कहीं तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है और ना ही कहीं भारी बारिश की ही संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक इस समय प्रशांत महासागर में कमजोर ला-नीना की स्थिति बनी है. यह स्थिति अगले दो महीने नवंबर-दिसंबर तक जारी रह सकती है. मौसम वैज्ञानिकों ने मौसम की ताजा परिस्थितियों के आधार पर संभावना जताई कि इस महीने रात का तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रह सकता है.
अक्टूबर में हुई 65.2 एमएम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले महीने यानी अक्टूबर 2025 में उत्तर प्रदेश में कुल 65.2 मिमी बारिश हुई है. यह औसत 28.2 मिमी से 131% से भी अधिक है. इसमें भी सबसे ज्यादा सोनभद्र में 211.6 मिमी और वाराणसी में 210.3 मिमी बारिश दर्ज हुई है. मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक मौसम की बदली परिस्थितियों में प्रदेश के तराई वाले इलाकों में दिन और रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है. उन्होंने संभावना जताई कि इस महीने थोड़ी बहुत बारिश की संभावना भी बनी हुई है.