रीलबाजी छोड़ो, ABCD सीखो… नवरत्न को अखिलेश यादव ने दी नसीहत, जानिए कौन है?

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स के साथ बैठक की. इसमें नवरत्न लाल यादव भी मौजूद रहे, जिसे सपा प्रमुख ने रीलबाजी छोड़कर पढ़ाई करने की नसीहत दी. नवरत्न को 'सपा के छोटे सिपाही' कहा जाता है, जिससे अखिलेश यादव से काफी स्नेह भी मिलता है.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ नवरत्न लाल (फाइल फोटो) Image Credit:

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में सोशल मीडिया क्रिएटर्स की एक अहम बैठक बुलाई. 2027 चुनाव को लेकर आयोजित इस बैठक में सोशल मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए उन्होंने सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया. इस दौरान सबसे ज्यादा सुर्खियां नवरत्न लाल यादव ने बटोरीं.

नवरत्न लाल यादव को पार्टी में ‘सपा के छोटे सिपाही’ के नाम से जाना जाता है. बैठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें अखिलेश यादव नवरत्न लाल यादव से सीधे पूछते नजर आ रहे हैं-.क्या दस्तखत करना जान गए? क्या-क्या लिख लेते हो? मोबाइल में नाम कैसे टाइप करते हो? नवरत्न ने जवाब दिया, सर बोलकर टाइप कर लेता हूं.

‘रीलबाजीस छोड़ो, ये काम हमें नहीं करना है’

अखिलेश यादव ने आगे पूछा, ए बी सी डी नहीं सीखा था? नवरत्न ने कहा, सीख लिया है सर. अखिलेश ने मुस्कुराते हुए पूछा, क्या-क्या सीखा है? और फिर गंभीर होकर नसीहत दी. वो कहां है तुम्हारा जानी दुश्मन? वो उसकी रील बना लेते हैं, ये उसकी रील बना देते हैं, ये काम हमें नहीं करना है. उन्होंने कहा, ‘सोशल मीडिया पर हर पोस्ट समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है.’

उन्होंने सभी क्रिएटर्स से अपील की कि वे सपा की विचारधारा के अनुरूप सकारात्मक संदेश दें और सामाजिक जवाबदेही निभाएं. बैठक के बाद उन्होंने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि आगे भी ऐसे नियमित बैठकें आयोजित की जाएं. सपा प्रमुख ने कहा कि आपके वीडियो और पोस्ट सिर्फ वायरल होने के लिए नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने के लिए होने चाहिए.

नवरत्न, मुलायम सिंह से अखिलेश तक का स्नेह

नवरत्न लाल यादव पिछले चार-पांच सालों से सपा परिवार के ‘फैन बॉय’ के रूप में चर्चा में हैं. अक्टूबर 2022 में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद नवरत्न ट्रेन से सीधे सैफई पहुंचने के लिए निकला था, लेकिन भटककर कानपुर पहुंच गया. जीआरपी ने उसे घर वापस भेज दिया. उसका वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह भावुक होकर सैफई जाने की बात बता रहा था.

अखिलेश यादव ने वीडियो देखते ही पार्टी के स्थानीय नेताओं को फोन किया और नवरत्न को सैफई बुलवा लिया. तब पांचवीं कक्षा पढ़ रहा नवरत्न आज अखिलेश के स्नेह के कारण पूरे यूपी में चर्चा का विषय है. अखिलेश ने उसकी पढ़ाई का पूरा इंतजाम किया है. पिछले साल जब नवरत्न की बहन की शादी हुई तो सपा नेताओं का घर पर जमावड़ा लगा था.

इंस्टा पर 5.40 लाख, FB पर 5 लाख फॉलोअर्स

हालांकि अखिलेश यादव खुद नवरत्न की बहन की शादी में तो नहीं पहुंचे, लेकिन फोन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं. बताया जाता है कि अखिलेश नवरत्न को हेलीकॉप्टर पर भी घुमा चुके हैं. नवरत्न लाल यादव के इंस्टाग्राम पर करीब 5.40 लाख और फेसबुक पर लगभग 5 लाख फॉलोअर्स हैं. नवरत्न का क्रिकेटर सूर्या यादव, रिंकू सिंह समेत कई स्टार के साथ फोटो है.

बैठक में अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि 2027 के चुनाव में सोशल मीडिया क्रिएटर्स की भूमिका बहुत अहम होने वाली है. अखिलेश अब चुनाव से पहले युवा इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं. नवरत्न यादव वाली क्लास इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है. जहां प्यार के साथ अनुशासन और जिम्मेदारी सिखाई गई है.

Follow Us