‘धर्मांतरण-नशे के माध्यम से फिर प्रहार करेंगे विदेशी’, हरियाणा में CM योगी ने चेताया; कहा- हमें सतर्क रहना होगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मांतरण और नशे से युवाओं और समाज को बचाने की अपील की है. साथ ही आगाह किया कि विदेशी इसके माध्यम से फिर प्रहार कर सकता है. हमें इसके प्रति सतर्क रहना होगा. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा और भारत की एकजुटता ही इन चुनौतियों का सामना कर सकती है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हरियाणा के झज्जर जिले में स्थित बाबा पालनाथ आश्रम पहुंचे. वह कबलाना गांव में बाबा पालनाथ आश्रम में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह और आठ मान का भव्य भंडारा में सम्मिलित हुए. सीएम योगी ने कहा कि आज देश में भारत की सोच के अनुरूप सरकारें हैं. हरियाणा में भी डबल इंजन सरकार है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा भी विकास के नए प्रतिमान को स्थापित करते हुए बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री योगी ने इस दौरान आश्रम के प्रबंधन और श्रद्धालुओं को भी संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने धार्मिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का आह्वान किया. साथ ही नशा और अवैध धर्मांतरण को लेकर समाज को चेताया. सीएम ने अपील की कि हर धार्मिक आयोजन में धर्मांतरण, लव जेहाद, नशा के खिलाफ आवाज उठनी चाहिए.
‘कोई भी सनातन विरोधी कार्य स्वीकार नहीं होना चाहिए’
सीएम योगी ने आगाह किया कि जब स्वर्णयुग आता है तो चैतन्य व सतर्क रहने की प्रेरणा देता है. जब भारत का स्वर्णयुग आया था तब विदेशी हमले होने भी प्रारंभ हो गए थे. हमें फिर से सतर्क रहना होगा. आज भी धर्मांतरण व नशा के माध्यम से हमला होगा और इसके पीछे विदेशियों का हाथ होगा. कोई भी सनातन विरोधी कार्य स्वीकार नहीं होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि चराचर जगत की रक्षा के लिए सनातन धर्म की रक्षा आवश्यक है. सनातन तभी सुरक्षित रहेगा, जब हम एक रहेंगे. बंटना नहीं है, बंटेंगे तो कटेंगे. जब-जब बंटे हैं, तब-तब यही हुआ है. जाति, तुष्टिकरण, भाषा के नाम पर बंटना नहीं है, बल्कि अयोध्या में जैसे धर्मध्वजा फहरा रही है, वैसे ही ध्वजा पताका हर सनातनी के घर पर लहराती दिखनी चाहिए.
हमें युवाओं और समाज को नशे से बचाना होगा- CM
सीएम योगी ने कहा कि नशा के खिलाफ प्रहार करना है. नशा नाश का कारण है. यह सोचने का सामर्थ्य समाप्त कर देती है. हमें युवाओं और समाज को नशे से बचाना होगा. दुश्मन किसी न किसी रूप में नशा का कारोबार फैलाना चाहता है. हम जाने-अनजाने इसकी चपेट में कतई न आने पाएं, वरना भावी पीढ़ी और भविष्य हमें माफ नहीं करेगा.
आपसी मिलन का अवसर प्रदान करता है भंडारा
सीएम योगी ने कबलाना गांव में आयोजित भंडारे में जमावड़ा देख इसे अद्भुत, अभिनंदनीय व अविस्मरणीय बताते हुए आयोजकों को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह भंडारा कार्यक्रम नाथ संप्रदाय की परंपरा में ईष्ट को स्मरण करने, कृतज्ञता ज्ञापित करने और आपसी मिलन का भी अवसर प्रदान करता है. इस कार्यक्रम ने प्रयागराज महाकुम्भ का स्मरण करा दिया है.
इस दौरान बाबा मस्तनाथ पीठ रोहतक के महंत और विधायक योगी बालक नाथ, महंत नरहरिनाथ जी महाराज, महंत चेताईनाथ जी महाराज, महंत राजनाथ जी महाराज, लहरनाथ जी महाराज, पूर्णनाथ जी महाराज, शेरनाथ जी, जटाईनाथ जी, कृष्णनाथ जी महाराज, समुद्रनाथ जी महाराज, विधायक सुनील सांगवान, उमेद पातुवास आदि मौजूद रहे.