रंग से पहले खून की होली! संपत्ति विवाद में आधी रात टकराए 2 भाई, 8 मिनट में बिछ गईं 4 लाशें; लखनऊ तक हड़कंप
उत्तर प्रदेश के बहराइच में होली से ठीक पहले संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया. यहां एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में कुल्हाड़ी से काटकर 4 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने हालात को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में फोर्स तैनात कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के बहराइच में खूनी तांडव हुआ है. रंगों की होली से ठीक पहले यहां खून की होली खेली गई. इसमें एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के चार लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. जबकि दो दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. यह वारदात रविवार की देर रात बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में बसंतपुर उदल (मजरे रामनगर) गांव का है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात को कंट्रोल किया.
पुलिस के मुताबिक झगड़े के शुरूआत भाइयों के बीच आपसी विवाद से शुरू हुआ और देखते ही देखते यह संघर्ष खूनी रूप ले लिया. इसमें दोनों पक्ष ने कुल्हाड़ी से एक दूसरे पर हमला किया और महज 8 मिनट में ही अपने ही परिवार की तीन महिलाओं और एक पुरूष की हत्या कर दी. जबकि दो लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. इस वारदात में चार लोगों की मौत के बाद उस घर में एक मासूम बच्चा जिंदा बचा है. जिसे पुलिस ने अपनी सुरक्षा में लिया है. पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
आधी रात मचा कोहराम
स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार की देर रात आधा गांव नींद के आगोश में था. करीब साढ़े 12 बजे अचानक से गांव में रहने वाले बड्लूराम के घर में चीख पुकार मच गई. तेज तेज आवाजें सुनकर लोग भागकर पहुंचे, लेकिन इतने समय में बड़लूराम के अलावा उनके घर की तीन महिलाएं शिताला (82), संजू देवी (60), पार्वती (20) की लाशें आंगन में बिछ चुकी थीं. इनमें एक पक्ष की मां-बेटी हैं तो दूसरे पक्ष से पति-पत्नी. वहीं वारदात में घायल गुरुदेव (40) और निरंकार (30) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
फोर्स ने गांव में डाला डेरा
आपसी झगड़े में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते लखनऊ से भी पुलिस मुख्यालय के फोन घनघनाने लगे. ऐसी स्थिति में पुलिस और प्रशासन के तमाम बड़े अफसर कुछ मिनटों के अंदर ही मौके पर पहुंच गए. आनन फानन में कई थानों की फोर्स की अलावा भारी संख्या में पीएसी ने पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया. एसपी रामनयन सिंह और एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी ने खुद मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया.
संपत्ति विवाद है झगड़े की वजह
मौका मुआयना के बाद एसपी बहराइच रामनयन सिंह ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच टकराव हुआ था. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. इसी के साथ फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है.