‘बाबा के यूपी में कभी नहीं आएंगे सर’, पैर में गोली लगते ही रोने लगा दिशा पाटनी फायरिंग केस का आरोपी

एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. घटना में शामिल सभी पांच आरोपी पुलिस के सामने आ गए हैं. दो आरोपी एनकाउंटर में ढेर हो चुका है. दो को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया. जबकि पांचवां आरोपी मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल हुआ है. यह एक्ट्रेस के घर की रेकी में शामिल था.

पांचवां आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार Image Credit:

बॉलीबुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में अब सभी आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं. फायरिंग में शामिल दो की एनकाउंटर में मौत हो चुकी है. दो आरोपी को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दबोचा लिया. जबकि घटना में शामिल पांचवें आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है. पुलिस की गोली पैर में लगने के बाद आरोपी रोने लगा. साथ ही बोलने लगा ‘अब बाबा के यूपी में कभी नहीं आएंगे सर…’

इससे पहले पुलिस ने पांचवें आरोपी की पहचान उजागर की थी. आरोपी का नाम रामनिवास उर्फ दीपक है और वह राजस्थान के बियावर का बताया जा रहा है. पुलिस ने उसपर 25 हजार रुपए का इनाम रखा था. आरोपी रामनिवास दिशा पाटनी के घर की रेकी में शामिल था. रामनिवास ने ही बाकी चारों हमलावरों को सारी जानकारी मुहैया कराया था.

पुलिस ने पैर में मारी गोली, एक अन्य भी अरेस्ट

शुक्रवार शाम पुलिस और एसओजी की टीम ने मुठभेड़ में आरोपी रामनिवास को घायल किया. पुलिस ने शाही थाना क्षेत्र के दुनका-बिहारीपुर रोड स्थित किच्छा नदी पुल के पास उसके पैर में गोली मारी. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसी मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक और आरोपी अनिल को भी गिरफ्तार किया है, जो सोनीपत का रहने वाला है.

पैर में गोली लगते ही गिड़गिड़ाने लगा आरोपी

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घायल आरोपी रामनिवास के पास से .32 बोर की पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खोखे मिले हैं. पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह पूरी वारदात का हिस्सा था. पुलिस की सख्ती से कांपते हुए आरोपी ने कहा कि अब वह कभी भी यूपी की जमीन पर कदम नहीं रखेगा, क्योंकि बाबा की पुलिस के सामने खड़े होने की किसी की हिम्मत नहीं है.

रेकी में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद

पुलिस को घटनास्थल से एक स्प्लेंडर प्लस बाइक भी मिली है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. जांच में सामने आया कि इसी बाइक का इस्तेमाल दिशा पाटनी के घर की रेकी के लिए किया गया था. सीसीटीवी फुटेज में रामनिवास को पेट्रोल पंप पर अन्य चारों हमलावरों के साथ देखा गया था. आरोपियों का मकसद सेलिब्रिटी के घर फायरिंग कर दहशत फैलाना था.

जल्द ही पूरे नेटवर्क का होगा भंडाफोड़

इससे पहले गाजियाबाद में यूपी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस केस से जुड़े दो शूटर रविंद्र और अरुण को मुठभेड़ में मार गिराया था. वहीं दिल्ली पुलिस ने इस फायरिंग में शामिल नकुल और विजय को गिरफ्तार किया था. अब बरेली में पांचवें आरोपी रामनिवास की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ हो जाएगा.

Follow Us