गाजीपुर: बच्चों के रंग डालने को लेकर हुआ विवाद, जान पर बन आई; बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या
गाजीपुर के करंडा में होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था. पुलिस ने थाने ले जाकर मामला शांत करा दिया. वहीं, थाने से लौटने के बाद फिर विवाद बढ़ा और दूसरे समुदाय के बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है.
गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र में होली के दिन रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को हिंसक हो गया. बदले की आग में दूसरे समुदाय के एक बुजुर्ग को गोली मार दी गई. उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
पूरा मामला करंडा थाना क्षेत्र के चाडीपुर गांव में होली के दिन का है. बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था. लेकिन वही विवाद फिर से तब बढ़ गया, जब मृतक और उनके परिजन आरोपी के धर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे. इस दौरान एक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी.
मृतक बुजुर्ग आसमुहम्मद के सीने में लगी थी गोली
जानकारी के मुताबिक, मृतक बुजुर्ग की पहचान आसमुहम्मद (55) के रूप में की गई है. आरोपी ने लाइसेंसी बंदूक से आसमुहम्मद को सीने में गोली मार दी थी. मौके पर ही वह गंभीर रूप से घायल हो कर गिर पड़े. सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया. यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर विवाद हुआ था. उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया. लेकिन उसी विवाद को लेकर रविवार को फिर से कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि आसमुहम्मद और उनके परिजन ने आरोपी के दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे थे.
पीड़त परिवार का पुलिस पर भी मारपीट का आरोप
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया की होली के दिन उनके पिता को पुलिस थाने ले गई थी. इस दौरान उनकी पिटाई भी की गई, जिसके चोट के निशान भी उनके शरीर पर थे. वहीं, दो दिन बाद आज सुबह ही उन्हें घेर कर कुछ लोगों ने गोली मार दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें मृतक आसमोहम्मद पिटाई के चोट को दिखा रहे हैं.
वहीं, इस गोलीकांड के बाद गांव में तनाव की स्थिति है. इसको देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है. सीसीटीवी कैमरे और स्थानियों लोगों से पूछताछ जारी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.