पहले देवर से था प्यार, अब भाभी ने किया ब्रेकअप; गुस्से में सिरफिरे ने घोंप दिया चाकू… खुद भी किया सुसाइड

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रेम प्रसंग के बाद ब्रेकअप होने पर एक युवक ने अपनी भाभी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. घायल भाभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देवर ने खुद भी आत्महत्या कर ली.

भाभी पर चाकू से हमला Image Credit:

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दिल दहला देने वाली खबर आई है. यहां भाभी के प्यार में पागल एक युवक ने ब्रेकअप होने पर आपा खो दिया. उसने पहले अपनी भाभी की चाकू घोंपकर हत्या का प्रयास किया, फिर खुद भी सुसाइड कर लिया. इस वारदात में घायल भाभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वारदात झांसी के नैनागढ़ में शनिवार शाम की है.

पुलिस के मुताबिक नैनागढ़ में रहने वाले राकेश साहू ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि वह अपनी पत्नी माया और पांच साल की बेटी के साथ रहते हैं. राकेश के मुताबिक शनिवार को उनके काम पर जाने के बाद आरोपी भाई महेंद्र उनके घर में घुस आया और दरवाजा बंदकर उनकी पत्नी के ऊपर चाकू से जानलेवा हमला किया और फिर खुद थाने के पास आकर सुसाइड कर लिया.

बेटी की चीख पुकार पर भागा आरोपी

पीड़ित पति ने बताया कि आरोपी भाई जब उनकी पत्नी के ऊपर हमले कर रहा था तो उनकी बेटी छत पर चढ़कर चीख पुकार मचाने लगी. इसे सुनकर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए. ऐसे में आरोपी उनकी पत्नी को छोड़कर मौके से फरार हो गया और थोड़ी ही देर बाद खबर आई कि महेंद्र ने सुसाइड कर लिया है. पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ही उनकी घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया है.

डेढ़ साल पहले था प्रेम प्रसंग

पीड़ित पति ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उनकी पत्नी का आरोपी भाई के साथ प्रेम प्रसंग था. उस समय दोनों घर से भाग गए थे और दिल्ली में रहने लगे थे. हालांकि रिश्तेदारों के समझाने पर उनकी पत्नी उसे छोड़ कर घर लौट आई थी. तब से महेंद्र एक बार फिर उनकी पत्नी पर घर से भागने के लिए दबाव बना रहा था. वहीं जब उनकी पत्नी ने इनकार कर दिया तो आरोपी ने दो दिन पहले जान से मारने की धमकी दी थी.