लखनऊ में बीजेपी विधायक के भतीजे की संदिग्ध मौत, फ्लैट में पंखे से लटका मिला शव

लखनऊ में बीजेपी विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे की संदिग्ध मौत हो गई है. शव किराए के फ्लैट में पंखे से लटका मिला है. प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या लग रही है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि मृतक अपने व्यापारिक साझेदारों की धोखाधड़ी और पैसों के घपले से परेशान थे.

लखनऊ में भाजपा विधायक के भतीजे की संदिग्ध मौत Image Credit:

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रविवार को बीजेपी विधायक के भतीजे की संदिग्ध मौत हो गई है. गोंडा जिले की मेहनौन विधानसभा सीट से विधायक विनय कुमार द्विवेदी के साले के बेटे शिवम त्रिपाठी का शव उनके किराए के फ्लैट में पंखे से लटका मिला. परिजनों ने इसे आत्महत्या बताया और शिवम के बिजनेस पार्टनर्स पर परेशान करने का आरोप लगाया.

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. शिवम त्रिपाठी बलरामपुर के रहने वाले थे और सुशांत गोल्फ सिटी स्थित रिश्ता मैनहट्टन सोसाइटी के टावर A2 के फ्लैट नंबर 407 में अकेले किराए पर रहते थे. पुलिस के अनुसार 1 फरवरी की शाम मकान मालिक फ्लैट पर किराया लेने पहुंचे, तो शव पंखे से लटका मिला.

शव बेडशीट के सहारे पंखे से लटका मिला

दरअसल, मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचे तो गेट अंदर से बंद था, काफी देर तक कॉल बेल बजाने और आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो शक हुआ. इसके बाद सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया और वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़वाया. अंदर पहुंचते ही शिवम का शव बेडशीट के सहारे पंखे से लटका देखकर सभी सन्न रह गए.

मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया. शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. सुशांत गोल्फ सिटी थाने के प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है.

बिजनेस पार्टनर्स ने धोखाधड़ी की थी- परिजन

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके मुताबिक शिवम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और उनके कुछ बिजनेस पार्टनर्स ने उनके साथ धोखाधड़ी की थी. काफी रकम का घपला किया गया था, जिसके चलते शिवम लंबे समय से परेशान थे.

उन्होंने बताया कि कई बार पैसे मांगने पर भी पार्टनर्स ने कोई जवाब नहीं दिया. परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोपी पार्टनर्स के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है. घटना से पहले 24 जनवरी को शिवम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वे जिम करते नजर आ रहे थे. कैप्शन में लिखा था ‘आपका बुरा भगवान नहीं, हम करेंगे.’

पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही

परिजनों का कहना है कि यह पोस्ट उनकी मानसिक स्थिति को दर्शाती है. शिवम के फूफा विनय कुमार द्विवेदी गोंडा की मेहनौन सीट से मौजूदा भाजपा विधायक हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा उम्मीदवार को हराकर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की थी. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

Follow Us