अवैध वसूली में लिप्त थी संभल SOG! शिकायत पर एक्शन में कप्तान, सस्पेंड कर दी पूरी टीम
संभल में SP कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अवैध वसूली की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की है. उन्होंने अवैध वसूली के दो मामलों की जांच के बाद SOG प्रभारी मोहित सहित पूरी 8 सदस्यीय टीम को सस्पेंड कर दिया है. जांच में आरोप सही पाए गए थे. इसी के साथ SP ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का संदेश देते हुए नई SOG के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के संभल में SP कृष्ण कुमार विश्नोई ने एसओजी प्रभारी दरोगा मोहित समेत सभी 8 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. संभल कप्तान ने यह कार्रवाई अवैध वसूली की शिकायत की जांच रिपोर्ट के आधार पर की है. इस कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है. कप्तान ने महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का संदेश देते हुए नई एसओजी के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों संभल पुलिस की SOG के खिलाफ एसपी संभल केके बिश्नोई को दो शिकायतें मिली थीं. यह दोनों शिकायतें अवैध वसूली की थी. इसमें से एक शिकायत में आरोप था कि ई-कचरा ले जाते एक व्यक्ति को एसओजी ने पकड़ा और चौकी में ले जाकर अवैध वसूली के बाद उसे छोड़ दिया. इसी प्रकार दूसरी शिकायत अश्लील वीडियो को लेकर है. इसमें एसओजी ने एक युवक को हिरासत में लिया और पैसे लेकर बिना कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया.
एसपी ने खुद कराई मामले की जांच
इन दोनों शिकायतों की जांच पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने अपने स्तर पर कराई. इसमें दोनों मामले में लगे आरोप सही पाए गए. जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी संभल ने SOG प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार और उनकी टीम में शामिल दो हेड कांस्टेबल कुलवंत और अरशद के अलावा पांच सिपाहियों अजनबी, आयुष, विवेक, बृजेश और हिरेश को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. इसी के साथ उन्होंने महकमे में संदेश दिया है कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
गठित होगी नई एसओजी
कप्तान के इस एक्शन के बाद संभल पुलिस में हड़कंप मच गया है. एसपी ऑफिस से मिली जानकारी के मुताबिक पूरी एसओजी टीम को सस्पेंड करने के बाद कप्तान ने नई एसओजी गठित करने की कवायद शुरू कर दी है. जल्द ही नई एसओजी अपना काम संभाल लेगी. एसपी ऑफिस के मुताबिक यह कार्रवाई काम में अनियमितता बरतने और अवैध वसूली के आरोपों के तहत की गई है.