पड़ोसी के प्यार में थी बहन, भाई को पंसद नहीं था यह रिश्ता; गुस्से में उठा लिया खौफनाक कदम
उन्नाव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज एक भाई ने प्रेमी के पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है. यह वारदात तब हुई जब बहन अपना घर छोड़कर प्रेमी के घर में रहने लगी थी. इस खूनी संघर्ष में तीन लोग घायल भी हुए हैं.
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां अपनी बहन के प्रेम-प्रसंग से आहत एक युवक ने प्रेमी के पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. इस वारदात के दौरान दोनों पक्षों में हुए टकराव में तीन लोग घायल भी हुए हैं. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने इस मामले में लड़की के भाई समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है.
यह वारदात उन्नाव में बिहार थाना क्षेत्र के बैजुआमऊ गांव का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले राजकुमार की बेटी मालती का अपने पड़ोस में ही रहने वाले पवन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन यह रिश्ता राजकुमार और उनके घर वालों को मंजूर नहीं था. ऐसे में दो दिन पहले मालती घर में झगड़ाकर निकल गई और पवन के साथ उसके घर में ही रहने लगी. शनिवार की दोपहर मालती के घर वाले पवन के घर पहुंचे और दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. इस दौरान मालती के भाई ने पवन के पिता के ऊपर कुल्हाड़ी से कई वार किए.
अस्पताल में हुई मौत से हड़कंप
इस वारदात में पवन के पिता पुत्तीलाल समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. आनन फानन में इन सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुत्तीलाल को इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया. वहीं बाकी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. इतने में सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी पवन और उसके दो अन्य साथियों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नामजद मुकदमा दर्ज
सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा के मुताबिक पवन के परिजनों ने मालती के भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है. इस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को अरेस्ट किया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद आज अदालत में पेश किया जाएगा. उन्होंने बताया कि यह वारदात प्रेम संबंध की वजह से हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.