किसी के फायदे-नुकसान के लिए नहीं है UCC, Gen-Z को बताया IN-Z; राहुल गांधी-खरगे पर क्या बोले CM धामी?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने UCC को मातृशक्ति की सुरक्षा का कानून बताया. कहा कि यह किसी वर्ग विशेष के फायदे या नुकसान के लिए नहीं है. उन्होंने Gen-Z को 'IN-Z' कहकर उनके सामर्थ्य पर जोर दिया. सीएम धामी ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया, साथ ही प्रधानमंत्री के प्रदर्शनकारियों के प्रति रुख की सराहना की.

उत्तराखंड के सीएम धामी Image Credit:

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूसीसी कानून को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यह कानून किसी वर्ग विशेष को फायदा या नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं है. बल्कि यह एक ऐसा कानून है, जिससे 50 फीसदी आबादी की सौ फीसदी सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी. यह मातृशक्ति की सुरक्षा का कानून है. लेकिन कुछ विघ्न संतोषी लोगों को विरोध करना है तो वह लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.

TV9 के सत्ता सम्मेलन कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी ने कहा कि चुनावों से पहले उन्होंने प्रदेश की जनता से वादा किया था. कहा था कि सरकार बनते ही यूसीसी लाएंगे, सरकार बनी और उन्होंने यह वादा पूरा कर दिया. उन्होंने कहा कि भारत के संविधान में यह व्यवस्था पहले से है. अनुच्छेद 44 में स्पष्ट प्रावधान है कि राज्य इस तरह की व्यवस्था कर सकते हैं. उत्तराखंड की सरकार ने इस प्रावधान के मुताबिक प्रदेश में यूसीसी लागू किया है. अब देश के कई अन्य राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं.

Gen-Z क्यों बताया IN-Z?

उत्तराखंड में पांच साल का कार्यकाल पूरा करने जा रहे पुष्कर सिंह धामी नारायण दत्त तिवारी के बाद दूसरे मुख्यमंत्री हैं. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने ऐसे कई मिथक तोड़े हैं. उन्होंने सत्ता समेलन में सवाल के जवाब देते हुए Gen-Z को IN-Z बताया. कहा कि इनमें बहुत पोटेंशियल हैं. ये ही नए भारत का निर्माण करेंगे. Gen-Z नहीं IN-Z यानी इंडियन जेनरेशन हैं. कभी हम भी ऐसे थे. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का उदाहरण दिया. कहा कि उन्हें युवा तुर्क कहा जाता था, उनके भाषण सुनने के लिए लोग दूर दूर से आते थे.

प्रदर्शन पर पीएम के रूख को सराहा

जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल और प्रधानमंत्री द्वारा माफ किए जाने की सीएम धामी ने खूब सराहना की. कहा कि बच्चे भी अपने हैं और सरकार भी बच्चों की है, इसलिए कम्युनिकशेन गैप क्यों? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वही किया, जो एक अभिभावक को जो करना चाहिए. इस दौरान पीएम की लाइन से अलग हटकर आ रहे बीजेपी के नेताओं के बयान पर सीएम धामी ने कहा कि ऐसे लोगों के विचार संस्थागत नहीं, इनके व्यक्तिगत विचार हो सकते हैं.

राहुल गांधी पर क्या बोले धामी

सीएम धामी ने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी खुलकर बयान दिया. कहा कि राहुल गांधी के दिमाग में बैठ गया है या बैठा दिया गया है कि देश के हर संसाधन और व्यवस्था पर उनका या उनके ही परिवार का हक है. अभी देहरादून आए तो यहां मंच से कह दिया कि नकल के खिलाफ एक भी व्यक्ति को जेल नहीं भेजा गया. जबकि केवल उत्तराखंड में ही 100 से अधिक नकल माफिया जेल जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विरोध की नाकारात्मक राजनीतिक कर रहे हैं. गूंज तो तब होती जब आप कुछ साकारातमक करते.

कांग्रेस अध्यक्ष को दी ये सलाह

सीएम धामी ने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल की शुद्धिकरण के सवाल पर पलटवार किया. कहा कि वह इतनी बड़ी पार्टी के अध्यक्ष हैं. जिनके सामने मंत्री सांसद खड़े रहते हों, उन्हें कम से कम फेक नरेटिव नहीं बनाना चाहिए. कहा कि ये देवभूमि है. यहां उनके कार्यक्रम में धार्मिक नारे लगाए गए, गंदगी की गई. यह बात लोगों में गई तो लोगों ने यहां शुद्धिकरण किया. इन लोगों ने अपने बयान में इसकी वजह भी बताई है.

Follow Us