स्नैपचैट पर दोस्ती, फिर मिलने के बहाने बुलाकर 8वीं की छात्रा से रेप; देवभूमि में हैवानियत से हड़कंप

उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्नैपचैट पर दोस्ती के बहाने एक नाबालिग छात्रा को होटल बुलाकर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया. यहां एक 8वीं की छात्रा को बेहोश कर हैवानियत को अंजाम दिया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है, साथ ही होटल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

प्रतीकात्मक तस्वीर Image Credit:

देवभूमि उत्तराखंड की तीर्थनगरी ऋषिकेश में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात हुई है. यहां दोस्ती की आड़ में एक नाबालिग को बुलाकर नशीला पदार्थ देने और बेहोशी की अवस्था में उसके साथ रेप का मामला सामने आया है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और बच्ची के परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया साइट पर पीड़िता का आरोपी से संपर्क हुआ था. चैटिंग करते करते दोनों में दोस्ती हो गई. इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को मिलने के बहाने ऋषिकेश के एक होटल में बुलाया. जहां उसने कोई नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और बेहोशी की हालत में ही उसके साथ रेपकर फरार हो गया. होश आने पर पीड़िता बड़ी मुश्किल से अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी.

जांच में जुटी पुलिस

वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी के मुताबिक पीड़िता के परिजनों ने तहरीर दी है. इस तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि पीड़िता के मेडिकल में रेप की पुष्टि हुई है. पीड़िता के पास आरोपी का एक मोबाइल नंबर मिला है. इस नंबर के आधार पर ही आरोपी की पहचान और धरपकड़ की कोशिश हो रही है.

खंगाला जा रहा होटल का रिकार्ड

पुलिस के मुताबिक इस मामले में होटल संचालक से भी पूछताछ हो रही है. देखा जा रहा है कि कमरा बुक करते समय आरोपी ने कोई आईडी दी थी या नहीं, इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीमें होटल के कमरे में भी जांच के दौरान महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा किया है.

Follow Us