एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा होंगे राम मंदिर के पहले CEO, ट्रस्ट की बैठक में हुआ ऐलान
अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक शुरू हो गई है. यह बैठक मणिराम छावनी में हो रही है. महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में कुल 9 सदस्रू मौजूद हैं. वहीं बाकी सदस्य वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए हैं. माना जा रहा है कि थोड़ी ही देर में बैठक के सीईओ के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा.
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में मंदिर के पहले सीईओ के नाम का ऐलान हो गया है. ट्रस्ट की बैठक के बाद मंदिर के नए सीईओ के तौर पर एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम की घोषणा हुई. मणिराम छावनी में हुई इस बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास कर रहे थे. इस बैठक में कुल 9 सदस्य मौजूद रहे. वहीं बाकी सदस्य वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए. माना जा रहा है कि ट्रस्ट की ओर से जल्द ही इस संबंध में प्रेस कांफ्रेंस की जाएगी.
जानकारी के मुताबिक इस बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन, गोविंद देव गिरी, बजरंग बागड़ा, जगदीश आफले और कमल नयन दास, महंत दिनेंद्र दास के अलावा अयोध्या के डीएम शशांक भी मौजूद रहे. फिलहाल इस बैठक में चयन कमेटी द्वारा ट्रस्ट को भेजे गए तीन नामों में के पैनल में से फाइनल नाम को लेकर लंबी चर्चा हुुई. वहीं अब सीईओ के रूप में फाइनली जितेंद्र मिश्रा के नाम की घोषणा की गई है.
कौन है एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा
राम मंदिर जन्मभूमि ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं और हाल ही में एयरफोर्स की सेवा से रिटायर हुए हैं. वायु सेना में नौकरी के दौरान कारगिल युद्ध में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. खासतौर पर टाइगर हिल्स पर कब्जा जमाने में इनकी बड़ी भूमिका रही थी.
तीनों ट्रस्टियों के नाम तय
बैठक में ट्रस्ट में रिक्त तीन ट्रस्टियों के पदों के लिए नामों पर विचार विमर्श किया गया. इसके लिए चार नाम आए थे. इनमें महेश भागचंद्रका, यतींद्र मिश्र, निर्मला यादव और मदन मोहन पांडेय शामिल है. सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट की बैठक में काफी विचार विमर्श के बाद इनमें से महेश भागचंद्रका, निर्मला यादव और मदन मोहन पांडेय को ट्रस्टी बनाया गया है. हालांकि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा प्रेस कांफ्रेंस में होगी.