बुलंदशहर: BJP विधायक अनिल शर्मा का निधन, 63 साल की उम्र में कैंसर से जंग हारे; 4 बार रहे MLA
बुलंदशहर के शिकारपुर से बीजेपी विधायक अनिल शर्मा का निधन हो गया. वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. उन्होंने 63 साल की उम्र में दिल्ली के एक हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली. अनिल शर्मा चार बार के विधायक रहें, साथ ही योगी सरकार के पहले कार्यकाल में वन राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से बुधवार को बड़ी और दुखद खबर सामने आई है. शिकारपुर से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का निधन हो गया. 63 वर्षीय अनिल शर्मा लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली.
बताया जा रहा है कि अनिल शर्मा साल 2023 से कैंसर से पीड़ित थे. लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था. वह अपने राजनीतिक जीवन में कुल चार बार विधानसभा सदस्य चुने गए. अनिल शर्मा ने योगी सरकार के पहले कार्यकाल में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी. उनके निधन पर सीएम योगी ने शोक जताया है.
प्रधानी से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
अनिल शर्मा मूल रूप से बुलंदशहर के सुरजावली गांव के रहने वाले थे. उनकी राजनीतिक पारी की शुरुआत गांव की प्रधानी से हुई थी. वह निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे. इसके बाद उन्होंने 2002 में पहली बार विधानसभा चुनाव की राजनीति में कदम रखा. 2002 में वह खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे.
इस चुनाव में उन्हें 28,494 वोट मिले थे और उनका वोट शेयर 26.18 प्रतिशत रहा था. इसके बाद 2007 में उन्होंने खुर्जा सीट से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की. लेकिन तीसरी बार बसपा के ही टिकट पर हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हुए और साल 2017 में बीजेपी के टिकट पर शिकारपुर सीट से विधानसभा पहुंचे.
2022 में 55,683 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत
अनिल शर्मा को साल 2017 में जीत के बाद योगी सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री बनाया गया था. इसका बाद साल 2022 के चुनाव में वह लगातार दूसरी बार बीजेपी के टिकट पर शिकारपुर से चुने गए. इस चुनाव में उन्होंने रालोद प्रत्याशी किरणपाल सिंह को 55,683 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से हराया था. अनिल शर्मा को कुल 1,13,855 वोट मिले थे.
वहीं, उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘ अनिल शर्मा का निधन अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति दें.’ अनिल शर्मा के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और उनके क्षेत्र में शोक की लहर है.