वाह रे UP पुलिस! थाने के सामने युवती को गिराकर पीटा, बचाने आए भाई-बहन को भी लात मारी; वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां एक पुलिसकर्मी ने थाने के सामने एक युवती और उसके भाई-बहनों को लात मारकर पीटा. इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे जौनपुर पुलिस की भारी किरकिरी हुई. पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. यह घटना 'मिशन शक्ति' अभियान पर सवाल उठाती है.
उत्तर प्रदेश में जौनपुर की पुलिस अपने कारनामों की वजह से लगातार चर्चा में है. पिछले दिनों मोबाइल फोन चुराते हुए पुलिसकर्मी का वीडियो सामने आया था, अब थाने के सामने से अपने भाई के साथ जा रहीं सगी बहनों को लात मारने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था. इस वीडियो पर संज्ञान लेकर एसपी जौनपुर ने आरोपी पुलिस कर्मी को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही उन्होंने विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं.
मामला जौनपुर के सुरेरी थाने के सामने मंगलवार की दोपहर का है. मंगलवार की दोपहर पड़ोस के गांव में रहने वाला एक युवक अपनी दो सगी बहनों के साथ कहीं जा रहा था. तीनों एक ही बाइक पर सवार थे. सुरेरी थाने के सामने पुलिस ने इन्हें रोक लिया और हेलमेट नहीं लगाने और तीन सवारी बैठाने पर इनका चालान कर दिया. कुछ देर बाद जब तीनों भाई बहन वापस लौटने लगे तो उसी पुलिसकर्मी ने फिर उन्हें रोक लिया और भद्रता की. विरोध करने पर सिपाही गाली गलौज करने लगा.
वीडियो बनाने पर की पिटाई
आरोप है कि कांस्टेबल की अभद्रता का वीडियो बनाने पर आरोपी ने पहले युवक के साथ बदसलूकी की. वहीं जब दोनों बहनें अपने भाई का पक्ष लेने लगीं तो पुलिसकर्मी उनसे उलझ गया. इस दौरान युवक ने पुलिसकर्मी का नेम प्लेट देखने कि कोशिश की तो वह छुपाने लगा. इसके बाद पुलिसकर्मी ने दोनों लड़कियों को जमीन पर पटककर लात, जूतों से मारपीट की. मौके पर मौजूद किसी राहगीर ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. यही वीडियो अब वायरल हो रहा है.
एसपी ने लिया एक्शन
मिशन शक्ति को पलीता लगाने वाला यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते ही महकमे में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते सोशल मीडिया यूजर जौनपुर पुलिस को ट्रोल करने लगे. वहीं पुलिस की किरकिरी होता देख जौनपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरोपी सिपाही को सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. सुरेरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा ने घटना की पुष्टि की है.