हाल-ए-ग्रेटर नोएडा वेस्ट: जिस मेट्रो का वादा करके बेचे गए थे फ्लैट, 10 साल बाद भी वह न पहुंची
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो का सपना दिखाकर फ्लैट बेचने वाले बिल्डरों का झूठ अब खुलकर सामने आ रहा है. हजारों फ्लैट खरीदने वालों को 2018-2020 में वादा किया गया था कि 2023-2024 तक मेट्रो पहुंच जाएगी, लेकिन 2026 में भी मेट्रो का एक इंच नहीं बढ़ा. खरीदारों ने कहा कि मेट्रो के नाम पर 20-30% ज्यादा कीमत ली गई, लेकिन अभी तक मेट्रो न पहुंच पाई.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोग आज भी मेट्रो कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे हैं. यह इलाका एनसीआर का सबसे बड़ा आवासीय हब बन चुका है, लेकिन अभी भी मेट्रो की पहुंच से बहुत दूर है. जिस समय यह शहर बस रहा था, तब मेट्रो कनेक्टिविटी का सपना दिखाकर बिल्डरों ने फ्लैट बेच डाले… मगर आज भी क्षेत्र के लाखों लोग जाम और लंबी दूरी की परेशानी झेलने को मजबूर हैं. लोग जना आंदोलन की धमकी दे रहे हैं. जंतर-मंतर पर धरने की भी तैयारी है.
मेट्रो के नाम पर हुई मार्केटिंग
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 की रहने वाली अमिता सक्सेना ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रह रही हैं, बुनियादी सुविधाओं और मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर हमने यहां सपनों का घर खरीदा था, लेकिन आजतक मेट्रो न बन पाया. समय बीतता गया और लाखों की संख्या में लोग आने शुरू हुए और जाम की स्थिति बनती चली गई. लोगों को उम्मीद थी, जब मेट्रो ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आएगी तो लोगों को जाम से छुटकारा मिलेगा लेकिन 10 सालों में आज तक यहां मेट्रो नहीं आई. उनकी खुद की बेटी अपने कॉलेज जाती है, हर रोज घंटों जाम में फंसती है.
ये भी पढ़ें: फेज 1 में बनेंगे 4 स्टेशन, सेक्टर 61 में इंटरचेंज; ग्रेटर नोएडा तक ऐसे पहुंचेगी मेट्रो
हर बार चुनावी मुद्दा बना लेकिन नहीं मिला समाधन
पंचशील ग्रीन 2 की रहने वाली दिव्या मलिक ने बताया, ‘लोकसभा हो या विधानसभा चुनाव… हर बार चुनाव से पहले मेट्रो का लॉलीपॉप ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को पकड़ा दिया जाता है… चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि और सरकार किए गए वादे भूल जाती हैं… इस बार चुनाव में मेट्रो ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सबसे अहम मुद्दा होगा… नेताओं की जनसभाओं में मेट्रो के विस्तार के लिए जल्द मंजूरी और निर्माण शुरू होने के दावे किए जाते हैं लेकिन कुछ होता नहीं है.’
मेट्रो से जोड़ने के लिए हुए अलग-अलग रूट प्रस्तावित
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ही रहने वाली रश्मि पांडे ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मेट्रो से जोड़ने के लिए अलग-अलग रूट हर बार प्रस्तावित किए गए, डीपीआर को मंजूरी और सहमति मिलने के बाद भी आज तक जमीन स्तर पर मेट्रो का निर्माण शुरू नहीं कराया जा सका… कई बार टेंडर जारी होने और सर्वे प्रक्रिया पूरी होने की खबरें सामने आई लेकिन क्षेत्र में अब तक प्लेयर या ट्रैक का कम दिखाई नहीं दिया… कई बार प्राधिकरण के अधिकारियों और सांसद- विधायकों से भी बात की गई लेकिन एजेंसियों के बीच तालमेल की कमी के कारण फाइलें आगे पीछे होते रही.
ये भी पढ़ें: नोएडा से 10 मिनट में दिल्ली, लेकिन गाजियाबाद जाने के लिए 2 घंटे खाने पड़ते हैं धक्के
सवाल वही कि आखिर कब आयेगी मेट्रो?
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी अनीता प्रजापति ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जिस मेट्रो को विकास की धुरी बताया गया था, वह अब भी कागजों और फाइलों में सिमटी हुई है… लाखों निवासी जानना चाहते हैं कि आखिर कब मेट्रो की पटरी ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक पहुंचेगी? हर सुबह-शाम लगने वाले जाम की स्थिति से लोग परेशान हो चुके हैं.. ट्रैफिक में फंसकर लोगों का समय और ईंधन दोनों खर्च हो रहा है, यदि मेट्रो जल्द शुरू हो जाती है तो ट्रैफिक समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.
