क्रिएट कर रही थी फांसी का सीन, तभी महिला के गले में कस गया फंदा; रील के चक्कर में गंवा बैठी जान

उत्तरप्रदेश के बांदा में रील बनाने के खतरनाक शौक ने एक महिला की जान ले ली. सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज पाने के लिए वह फांसी का सीन क्रिएट कर रही थी, तभी फंदा गले में कस गया और उसकी मौत हो गई. यह घटना रील की दुनिया के बढ़ते खतरों और लापरवाही के भयानक परिणामों को उजागर करती है, जो लोगों को अपनी जान जोखिम में डालने पर मजबूर कर रहा है.

बांदा में रील बनाते समय महिला के गले में कस गया फंदा Image Credit:

इस समय रील का चस्का लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. अपनी रील पर अधिक से अधिक व्यूज पाने के लिए लोग किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. ऐसा ही एक मामला उत्तरप्रदेश के बांदा में सामने आया है. यहां रील के लिए सीन क्रिएट करने के चक्कर में एक महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है. यह महिला अपनी रील के लिए फांसी का सीन क्रिएट कर रही थी, लेकिन अचानक फंदा कस गया और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई.

यह घटना बांदा में बबेरू कस्बे में शुक्रवार की शाम का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि बबेरू कस्बे में रहने वाली 27 वर्षीय मोहनी पत्नी जगदीश शुक्रवार को अपने घर में अकेली थी. उसका पति जगदीश काम पर गया था. इस दौरान घर में अकेले बैठे-बैठे मोहिनी को फांसी के फंदे के साथ रील बनाने का आइडिया आया.

अचानक कस गया फंदा

इसके बाद मोहिनी ने पंखे के कुंदे में रस्सी फंसाया और फंदा बनाकर रिहर्सल करने लगी. इतने में फंदा उसके गले में कस गया. इतनी ही देर में बाहर खेल रही उसकी चार साल की बेटी कमरे आई और मां को फंदे से लटका देखकर चीखने लगी. उसकी चीख सुनकर घर के बाकी लोग भी वहां पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

खबर फैलते मचा हड़कंप

देखते ही देखते घटना की खबर कस्बे में नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में तेजी से फैल गया. इस घटना को जानकर और सुनकर हर कोई हैरान है. दरअसल रील के चक्कर में जान गंवाने का यह कोई पहला मामला नहीं है. इसलिए लोग अपने बच्चों और घर में महिलाओं को इस तरह की हरकत से बाज आने की सलाह दे रहे हैं. उधर, कोतवाली प्रभारी राजेद्र सिंह रजावत के मुताबिक महिला के परिजनों ने मौत का कारण अज्ञात बताया है. पूछताछ में महिला की बेटी ने घटना की पूरी कहानी बयां की है.