इंस्टाग्राम-वॉट्सऐप पर हथियारों की मंडी… ऑनलाइन करते थे तमंचे की बिक्री, ऐसे पहुंची पुलिस
मुजफ्फरनगर पुलिस की तरफ से अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत अब तक 132 अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं. इस बीच अब पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है जो इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल साइट्स के जरिए हथियार बेचने का काम करता था.
मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्ट 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनके पास से मौके पर 14 अवैध तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस, एक बाइक और 1800 रुपये भी बरामद हुए हैं. इनकी पहचान अभिषेक, निखिल, नितिन, विशाल उर्फ गोली, समीर, चिंटू और संजीव के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों का गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप ग्रुप और इंस्टाग्राम के जरिए अवैध हथियारों का कारोबार करता था. ये आरोपी इन ऐप्स पर हथियारों की तस्वीर डालते थे. फिर इनके खरीदार तलाशते थे. जब खरीदार मिल जाता था तो ऑनलाइन पेमेंट लेकर हथियारों को खरीदार तक पहुंचा देते थे.
बेहड़ा सादात रोड पर आरोपियों को पुलिस ने घेरा
जानकारी के अनुसार जब आरोपी बेहड़ा सादात रोड पर अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे थे तभी पुलिस ने इन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी थी. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस की टीम पर ही फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मौके से ही सातों को धर दबोचा.
प्रधानी चुनाव को देखते हुए चलाया जा रहा अभियान
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रधानी चुनाव आने वाले हैं. ऐसे में अंदेशा है कि इस दौरान हिंसा बढ़ सकती है. इसी के मद्देनजर पुलिस की तरफ से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. अब तक इस अभियान के तरह 132 अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं. इसके अलावा कई लोगों को हथियार खरीद-फरोख्त के मामले में गिरफ्तार भी किया जा चुका है.
ऐसे ग्रुप्स के सहारे हो रही हथियारों की खरीद-फरोख्त
पुलिस के मुताबिक उन्हें जानकारी मिली थी रोमियो ग्रुप और भौकाल ग्रुप जैसे नामों से सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील और फोटो पोस्ट किए जा रहे थे. ऐसे में वे आरोपियों को पकड़ने के लिए पहले ही सतर्क थे. पुलिस जांच में एक और खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपियों में विशाल और समीर बीएससी पास हैं और ‘अग्निवीर’ भर्ती का लिखित परीक्षा भी पास कर चुके हैं. इन दोनों के पास से पांच-पांच तमंचे बरामद किए गए.