बगल में सो रहे थे बच्चे, पत्नी का मर्डर कर फरार हो गया पति; शरीर पर मिले 50 गहरे घाव
उत्तराखंड के नैनीताल में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. पतनी के शरीर पर 50 गहरे घाव मिले हैं. वारदात के समय बच्चे पास ही सो रहे थे. आरोपी पति हत्या कर मौके से फरार हो गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.
उत्तराखंड के नैनीताल में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां ओखलकांडा क्षेत्र के खनस्यूं गांव में एक युवक ने बेरहमी से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. मृत महिला की पहचान 35 वर्षीय डिकरी देवी के रूप में हुई है. वह अपने पति भीम सिंह और चार बच्चों के साथ खनस्यूं गांव में रहती थीं. शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था और इसी विवाद में आरोपी पति ने डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी.
सूचना मिलने पर हरकत में आई नैनीताल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आरोपी की तलाश में दबिश तेज कर दी है. पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी चुपचाप घर से फरार हो गया. वहीं इस मार-पीट से उसके बच्चे सहम गए थे. काफी देर तक उन्हें लगा कि उनकी मां सो रही है. लेकिन अगले दिन जब शव से बदबू उठने लगी तो बच्चों ने पड़ोसियों को बताया.
सिर से पैर तक चोट के निशान
पड़ोसियों ने ही घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा कराया और फिर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर सिर से लेकर पैर तक गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. हालात को देखते हुए पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है. इसमें महिला के शरीर पर 50 से अधिक चोटों के गहरे निशान मिले हैं. कई स्थानों पर हड्डियों में चोट या फ्रैक्चर की बात भी सामने आई है.
आरोपी ने बच्चों को भी धमकाया
पुलिस की पूछताछ में वारदात के वक्त घर में आरोपी के चारों बच्चे 10 वर्षीय राजू, 8 वर्षीय हर्षिता, 6 वर्षीय कुणाल और करीब साढ़े तीन साल की बबली मौजूद थी. आरोपी ने जाते जाते इन बच्चों को भी धमकी दी, कहा कि यदि उन लोगों ने किसी को भी इस घटना की जानकारी दी तो उनका भी वह यही हाल करेगा. इससे डरे सहमे बच्चे पुलिस के आने के बाद भी काफी देर तक चुप रहे. हालांकि आखिर में पूरी वारदात का आंखो देखा हाल बयां कर दिया.